महिलाओं को तत्काल 33 प्रतिशत आरक्षण लागू किया जाए
विपक्ष ने विरोध स्वरूप सदन से वॉकआउट कर दिया
भोपाल : मध्य प्रदेश विधानसभा के विशेष सत्र में महिला आरक्षण को लेकर मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव द्वारा प्रस्तुत संकल्प प्रस्ताव पर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी नोकझोंक देखने को मिली। चर्चा के दौरान दोनों पक्षों ने प्वाइंट ऑफ ऑर्डर के माध्यम से अपनी-अपनी दलीलें रखीं। मप्र विधानसभा में सोमवार को आहुत किए गए विशेष सत्र में विपक्ष ने मांग रखी कि उनके प्रस्ताव को भी शामिल किया जाए और वर्तमान परिस्थितियों में महिलाओं को तत्काल 33 प्रतिशत आरक्षण लागू किया जाए। विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने सरकार द्वारा प्रस्तुत संकल्प प्रस्ताव को चर्चा के लिए स्वीकार कर लिया, जिसके बाद विपक्ष ने विरोध स्वरूप सदन से वॉकआउट कर दिया। सदन में सत्ता पक्ष के प्रमुख वक्ताओं में संसदीय कार्य मंत्री कैलाश विजयवर्गीय और भाजपा सदस्यों ने सरकार का पक्ष रखा, जबकि विपक्ष की ओर से कांग्रेस नेताओं ने सदन में जोरदार विरोध दर्ज कराया। इस घटना ने राजनीतिक माहौल को गरमा दिया।
