राजारहाट-गोपालपुर में अदिति मुंशी के पार्टी ऑफिस से भारी मात्रा में राहत सामग्री बरामद
बीजेपी विधायक की मौजूदगी में हुई तलाशी
निज संवाददाता : तृणमूल की पूर्व विधायक और कीर्तन सिंगर अदिति मुंशी के राजारहाट-गोपालपुर में उनके पार्टी ऑफिस से राहत सामग्री बरामद होने के आरोपों से हंगामा मच गया है। राजारहाट-गोपालपुर के बीजेपी के विधायक तरुणज्योति तिवारी गुरुवार को ऑफिस पहुंचे। उनकी मौजूदगी में अदिति के पार्टी ऑफिस की तलाशी ली गई।
बीजेपी विधायक तरुणज्योति ने आरोप लगाया कि पार्टी ऑफिस के कई कमरों में तलाशी के दौरान कई सरकारी सामान बरामद हुए। उन्होंने कहा-हमें वह काम करना पड़ रहा है जो पुलिस को करना था। ऑफिस से त्रिपाल, साड़ी, धोती समेत कई चीजें बरामद हुई हैं।
सूचना मिलने पर बागुईआटी थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। आरोप है कि सरकार की तरफ से आम लोगों की मदद के लिए दी गई राहत सामग्री लोगों में बांटने के बजाय ऑफिस में जमा कर दी गई थी। बीजेपी ने आरोप लगाया कि और भी कई राहत सामग्री जमा कर दी गई थी, जिन्हें पहले ही हटा दिया गया है।
तरुणज्योति ने इस घटना में अदिति और उनके पति देबराज चक्रवर्ती के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। उनका दावा है कि लोगों के लिए दी गई राहत रोककर पार्टी ऑफिस में जमा कर दी गई थी। इसके साथ ही विधायक ने यह भी दावा किया है कि उस ऑफिस से नारकोटिक्स बरामद हुए हैं। इस घटना से इलाके में राजनीतिक तनाव शुरू हो गया है। हालांकि, इस आरोप पर अभी तक तृणमूल कांग्रेस की तरफ से कोई जवाब नहीं आया है। पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।
