राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले पर अयोध्या में बोले CM योगी

जल्द ही दूध का दूध और पानी का पानी होगा

राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले पर अयोध्या में बोले CM योगी

उत्तर प्रदेश : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को अयोध्या के रुदौली विधानसभा क्षेत्र में ₹378 करोड़ से अधिक की 126 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया. इस दौरान उन्होंने राजकीय आयुर्वेदिक महाविद्यालय एवं चिकित्सालय सहित कई परियोजनाओं का शुभारंभ किया और वीरांगना झलकारी बाई की प्रतिमा का अनावरण भी किया. कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने राम मंदिर चढ़ावा चोरी के आरोपों पर भी खुलकर अपनी बात रखी और कहा कि मामले की जांच एसआईटी कर रही है, इसलिए बिना तथ्यों के बयानबाजी नहीं होनी चाहिए.

चढ़ावा मामले पर विपक्ष को दिया जवाब

अपने संबोधन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या को बदनाम करने की कोशिशों पर नाराजगी जताई. उन्होंने कहा कि 'राम मंदिर के लिए 500 वर्षों तक संघर्ष हुआ है, इसलिए किसी को भी अयोध्या की छवि खराब करने का प्रयास नहीं करना चाहिए. मुख्यमंत्री ने कहा, सबको अपनी जिम्मेदारी का दायित्व निभाना होगा. जिम्मेदारी का दायित्व निभायेंगे तभी विकास होगा. सपा जय श्री राम कहने पर गोली चलवाती थी. हमने ट्रस्ट की मांग पर SIT बनवाई. जल्द ही दूध का दूध और पानी का पानी होगा. हां, अगर... किसी के पास कोई सुबूत हो तो SIT को दे. लेकिन बयानबाजी से अयोध्या का अपमान न करे. जनता अपमान करने वालों से सावधान रहे.'

बयानबाजी से बचने की अपील

मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि किसी के पास चंदा चोरी से जुड़ा कोई ठोस सबूत है तो वह सीधे एसआईटी को उपलब्ध कराए, ताकि निष्पक्ष जांच हो सके. उन्होंने लोगों से अपील की कि जांच पूरी होने से पहले किसी के चरित्र हनन की कोशिश न करें. मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि यदि कोई दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा. उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ लोग केवल आरोप लगाकर अयोध्या को बदनाम करने का प्रयास कर रहे हैं.

Tags:

About The Author

Advertisement

Latest News