फूलबागान मंदिर के फंड से 44 लाख रुपये की चोरी का आरोप
कमेटी ने थाने में दर्ज कराई शिकायत
निज संवाददाता : फूलबागान के मंदिर के फंड से 44 लाख रुपये का गबन आरोप है। मंदिर कमिटी ने ईस्ट कोलकाता के फूलबागान पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई है। उसके आधार पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने बताया कि बेलेघाटा में सुभाष सरोवर के पास एक मंदिर कमिटी के कुछ सदस्यों ने यह शिकायत की है। शिकायत के मुताबिक, मंदिर की दान पेटी में हर महीने करीब 12 हजार रुपये जमा होते हैं। लेकिन, पिछले 16 सालों से कमिटी को इसका कोई हिसाब नहीं दिया गया है। उस हिसाब के मुताबिक, पिछले 16 सालों से दान पेटी में करीब 23 लाख रुपये जमा होने चाहिए थे। उस मंदिर के बैंक अकाउंट में 16 साल पहले 21 लाख रुपये थे। लेकिन, तब से कोई पैसा जमा नहीं हुआ है। इस दान पेटी का इंचार्ज जो व्यक्ति था, वह इस मामले पर मंदिर के भक्तों के सवालों का कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सका, जिसकी सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस को मिली शिकायत के मुताबिक, मंदिर की दान पेटी के फंड से 44 लाख रुपये से ज्यादा का गबन किया गया है। इस संबंध में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस ने कहा कि आरोपी को बुलाकर पूछताछ की जाएगी।
