बंगाल में अमूल की एंट्री के साथ अमित शाह ने ममता बनर्जी पर बोला हमला
निज संवाददाता : केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने एक बार फिर से ममता बनर्जी पर हमला बोला है। रविवार को उन्होंने कोलकाता में गुजरात और देश के सबसे बड़े डेयरी ब्रांड अमूल के दही प्लांट की आधारशिला रखी। इस मौके को उन्होंने बीजेपी को चुनावों में मिली जीत से जोड़ा। अमित शाह ने कहा कि मैं पीएम नरेंद्र मोदी की ओर से आप दही से मुंह मीठा कराने आया है। अमित शाह ने लेफ्ट के साथ टीएमसी के शासनकाल पर प्रहार किया। गृह मंत्री ने अमूल को आगमन से दुग्ध उत्पादकों की आय में उल्लेखनीय वृद्धि होगी और पूर्वी भारत के डेरी क्षेत्र को मजबूती मिलेगी।
पूर्ववर्ती तृणमूल कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए शाह ने दावा किया कि उसने गुजरात स्थित डेरी सहकारी संस्था अमूल के पश्चिम बंगाल में प्रवेश का विरोध किया था। शाह ने कहा कि मैंने एक बार तत्कालीन मुख्यमंत्री (ममता बनर्जी) से अनुरोध किया था कि यदि 15-15 एकड़ के दो भूखंड उपलब्ध करा दिए जाएं, तो पश्चिम बंगाल से पूरे पूर्वी भारत के डेरी क्षेत्र का विकास किया जा सकता है। उस समय मुझसे कहा गया था कि गुजरात को राज्य में प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा। शाह ने कहा कि लेकिन यह गुजरात के लिए नहीं, बल्कि पश्चिम बंगाल के पशुपालकों के लिए है।
शाह ने कहा बंगाल में हुए परिवर्तन की वजह से अमूल की एंट्री संभव हुई। उन्होंने कहा कि यहां आते समय मैंने अधिकारी से भूमि मांगी और उन्होंने अमूल फेडरेशन को नि:शुल्क भूमि उपलब्ध कराने पर तत्काल सहमति दे दी। आज पश्चिम बंगाल के किसानों के लिए बहुत महत्वपूर्ण दिन है। अमूल ने उस संयंत्र के लिए भूमि पूजन किया है, जो दुनिया का सबसे बड़ा दही उत्पादन संयंत्र बनेगा। इस पहल से करीब 1.20 लाख छोटे डेयरी किसानों और पशुपालकों को लाभ मिलेगा।
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने भी इस अवसर पर राज्य की पूर्ववर्ती तृणमूल कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए इस निवेश को भाजपा सरकार की औद्योगिक नीति से जोड़ा। उन्होंने कहा कि कुछ लोग कहा करते थे कि वे पश्चिम बंगाल को गुजरात नहीं बनने देंगे। आज वही लोग घर बैठकर टेलीविजन पर देख रहे हैं कि गुजरात का अमूल पश्चिम बंगाल के विकास के लिए 700 करोड़ रुपये का निवेश कर रहा है।
