शुभेंदु अधिकारी ने दो स्थानों पर काली पूजा पंडालों का उद्घाटन किया
आसनसोल - पश्चिम बर्धमान जिले में शनिवार को धनतेरस के दिन राज्य के विपक्षी नेता शुभेंदु अधिकारी ने दो स्थानों पर काली पूजा पंडालों का उद्घाटन किया और इस दौरान मुख्यमंत्री ममता बनर्जी तथा सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस पर जमकर हमला बोला। उन्होंने दुर्गापुर की बलात्कार घटना को लेकर राज्य की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए, साथ ही 2026 के विधानसभा चुनाव में भबानीपुर से ममता बनर्जी की हार की भविष्यवाणी की।पहले कार्यक्रम में पांडवेश्वर के डालुरबांध में अटल बिहारी वाजपेयी स्मृति रक्षा क्लब की काली पूजा पंडाल का उद्घाटन किया गया। यहां आसनसोल दक्षिण की विधायक अग्निमित्रा पॉल, दुर्गापुर के विधायक लक्ष्मण घोरुई, आसनसोल नगर निगम के पूर्व मेयर तथा पूर्व विधायक जितेंद्र कुमार तिवारी, भाजपा के आसनसोल संगठनात्मक जिला अध्यक्ष देवतनु भट्टाचार्य तथा अन्य मंडल अध्यक्षों की उपस्थिति में शुभेंदु अधिकारी ने रिबन काटकर और दीप जलाकर पूजा का उद्घाटन किया।उद्घाटन समारोह में बोलते हुए शुभेंदु ने कहा कि राज्य में एक महिला मुख्यमंत्री हैं जो रात में महिलाओं और लड़कियों को घर से बाहर निकलने से मना करती हैं।
उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाएं होती रहती हैं। मैं मां काली से प्रार्थना करता हूं कि वे ऐसी मुख्यमंत्री को शुद्ध मन दें, ताकि वे राज्य को सही दिशा में ले जा सकें। विपक्षी नेता ने दुर्गापुर की घटना को बंगाल के लोगों के लिए शर्मनाक बताया। उन्होंने कहा कि पड़ोसी राज्य ओडिशा से डॉक्टरी पढ़ने आई एक लड़की के साथ बलात्कार किया गया। उसके पिता ने कहा है कि वे यहां अपनी बेटी को नहीं पढ़ाएंगे और उसे ओडिशा वापस ले जाएंगे। शासक दल पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा, अगर शासक शोषक बन जाए और रक्षक भक्षक बन जाए, तो बंगाल की महिलाएं कहां जाएंगी? मुख्यमंत्री ममता बनर्जी हर जगह कहती हैं, ‘धर्म जिसका जिसका, उत्सव सबका’। लेकिन मैं कहता हूं, ‘धर्म जिसका जिसका, रक्षा करने की जिम्मेदारी उसकी उसकी’।
बाद में पत्रकारों से बातचीत में शुभेंदु ने कहा कि दुर्गापुर की पीड़िता के परिवार के साथ भाजपा के सभी स्तर के नेता संपर्क में हैं। मैं उत्तर बंगाल से यहां आया था। लगातार आंदोलन चल रहा है। पिछले छह दिनों से चल रही धरना प्रदर्शन आज शाम पांच बजे के बाद स्थगित कर दिया गया। आज से लगातार उत्सव कार्यक्रम हैं, इसलिए कई लोगों ने हमें कहा। इसलिए फिलहाल कुछ नहीं किया जाएगा। 1 नवंबर के बाद दुर्गापुर में इस घटना के विरोध में हजारों महिलाओं के साथ झाड़ू जुलूस निकाला जाएगा। आसनसोल और पूर्व बर्धमान संगठनात्मक जिले आपस में चर्चा करके तारीख तय करेंगे। इस कार्यक्रम में अग्निमित्रा पॉल, लक्ष्मण घोरुई और जितेंद्र तिवारी ने भी भाषण दिए।
इसके बाद शाम को आसनसोल के बड़तोड़िया मोड़ स्थित बड़तोड़िया काली मंदिर में काली पूजा का उद्घाटन किया गया। यहां भाजपा के राज्य नेता कृष्णेंदु मुखोपाध्याय, जिला अध्यक्ष देवतनु भट्टाचार्य सहित अन्य नेता और कार्यकर्ताओं की उपस्थिति में शुभेंदु ने रिबन काटकर और दीप जलाकर उद्घाटन किया।
उद्घाटन समारोह में उन्होंने कई मुद्दों पर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और तृणमूल कांग्रेस की आलोचना की। दुर्गापुर बलात्कार कांड सहित विभिन्न घटनाओं को लेकर राज्य की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए। पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी भबानीपुर से हारेंगी। उन्होंने पूरे भारतीयों का अपमान किया है। भबानीपुर में 90 प्रतिशत विभिन्न भाषा-भाषी लोग रहते हैं। इसलिए अब वोट के लिए किसी की सलाह पर डैमेज कंट्रोल की कोशिश कर रही हैं, लेकिन यह नहीं होगा। शुभेंदु ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री हिंदी बोलने वाले हिंदुओं और बंगाली बोलने वाले हिंदुओं के बीच भेदभाव पैदा करने की कोशिश कर रही हैं। वे कभी रोहिंग्या और बांग्लादेश से आए घुसपैठिए मुसलमानों के बारे में नहीं बोलतीं। वे एक ‘रजिस्टर्ड लायर’ हैं, हमेशा झूठ बोलती हैं। दुर्गापुर घटना पर कोलकाता एयरपोर्ट पर खड़ी होकर कहा कि लड़कियां रात में घर से बाहर न निकलें। बाद में समझ गईं कि गलती हो गया, तो बागडोगरा एयरपोर्ट पर कहा कि मेरे बयान को तोड़-मरोड़ कर पेश किया गया। जबकि मीडिया के माध्यम से सभी ने सुना कि उन्होंने क्या कहा। मैंने उनका बयान पोस्ट किया है। असल बात यह है कि वे हमेशा ऐसे झूठ बोलती हैं।इस दौरान उन्होंने आगामी विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए हिंदुत्व पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि हिंदू कमजोर नहीं हैं। यूसुफ पठान जैसे सांसद कितने भी उकसाने वाले पोस्ट करें, कोई फायदा नहीं।