समाजवादी पार्टी को लगा बड़ा झटका,
30 नेता पार्टी छोड़कर सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी का दामन थाम
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी को बड़ा झटका लगा है. पार्टी के राष्ट्रीय सचिव जावेद आलम समेत करीब 30 पदाधिकारी, ग्राम प्रधान और कार्यकर्ताओं ने समाजवादी पार्टी छोड़कर सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी का दामन थाम लिया है. बता दें लखनऊ में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान सुभासपा के राष्ट्रीय मुख्य प्रवक्ता अरुण राजभर की मौजूदगी में सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं को पार्टी की सदस्यता दिलाई गई. पार्टी में शामिल होने वालों में कई जिलों के नेता और सामाजिक संगठन से जुड़े लोग भी मौजूद रहे.
बुनकर मजदूर विकास समिति के पदाधिकारी भी शामिल
सुभासपा में शामिल होने वालों में बुनकर मजदूर विकास समिति के कई बड़े पदाधिकारी भी शामिल हैं. इनमें शहाबुद्दीन अंसारी, डॉ. मोहम्मद नाजिम अंसारी, ताजुद्दीन अंसारी, खालिद सैफी और अयूब अंसारी समेत कई नेताओं के नाम शामिल हैं.बता दें पार्टी में शामिल हुए नेता और कार्यकर्ता दिल्ली, गाजियाबाद, बिजनौर, शाहदरा, प्रतापगढ़, अमरोहा और लखनऊ समेत कई जिलों से जुड़े हुए हैं. सुभासपा का कहना है कि लगातार दूसरे दलों के नेता पार्टी से जुड़ रहे हैं.
अरुण राजभर ने सपा पर साधा निशाना
कार्यक्रम के दौरान अरुण राजभर ने समाजवादी पार्टी और उसके नेतृत्व पर भी हमला बोला. उन्होंने कहा कि सपा का पीडीए नारा समय और राजनीतिक जरूरत के हिसाब से बदलता रहता है. अरुण राजभर ने तंज कसते हुए कहा कि अब पीडीए का मतलब 'पार्टी ऑफ डिंपल एंड अखिलेश' हो गया है. उन्होंने दावा किया कि सुभासपा का संगठन तेजी से मजबूत हो रहा है और पार्टी का कुनबा लगातार बढ़ता जा रहा है.
