शाहरुख खान के 'किंग' पोस्टर से 'धुरंधर' की तुलना
फैंस ने की तारीफ, सोशल मीडिया यूज़र्स ने ली चुटकी
निज संवाददाता : मंगलवार को शाहरुख खान की आने वाली एक्शन फिल्म 'किंग' का एक नया पोस्टर सामने आया, जिसने ऑनलाइन बहस छेड़ दी है। सोशल मीडिया के कई यूज़र्स ने इस नए पोस्टर की तुलना रणवीर सिंह की फिल्म 'धुरंधर: द रिवेंज' के पोस्टर से की है।
इस पोस्टर में 60 वर्षीय अभिनेता ग्रे बालों और दाढ़ी के साथ नज़र आ रहे हैं। उन्होंने लेदर जैकेट पहनी है, शर्ट के बटन खुले हैं, एक हाथ में बंदूक पकड़ी हुई है और दांतों के बीच एक लाल गुलाब दबा रखा है। बैकग्राउंड में एक जलता हुआ विमान दिखाई दे रहा है।
जहां शाहरुख के फैंस ने उनके रफ और टफ लुक की तारीफ की और फिल्म को लेकर उत्साह जताया, वहीं कुछ यूज़र्स ने पोस्टर की मौलिकता पर सवाल उठाए। कुछ यूज़र्स का आरोप है कि इसका विज़ुअल स्टाइल 'धुरंधर: द रिवेंज' जैसा है—एक ऐसी फिल्म जिसने दुनिया भर में 1,800 करोड़ रुपए से ज़्यादा की कमाई की थी।
एक्स (पहले ट्विटर) पर एक यूज़र ने लिखा-कभी तो कुछ ओरिजिनल करने की कोशिश करो। एक अन्य यूज़र ने 'किंग' के पोस्टर को "सस्ता एआई-जनरेटेड कचरा करार दिया।
एक और यूज़र ने कमेंट किया, "@iamsrk, आप एस्थेटिक, आग और फ्रेमिंग की नकल करने की कोशिश कर सकते हैं, लेकिन आप कभी 'धुरंधर' नहीं बन सकते। सोशल मीडिया के कुछ यूज़र्स ने 2021 की फिल्म 'रेगिंग फायर' के साथ भी समानताएं बताईं, जिसमें हांगकांग के एक्शन स्टार डॉनी येन मुख्य भूमिका में थे।
हालांकि, शाहरुख के फैंस ने इस पोस्टर का स्वागत किया और कई लोगों ने फिल्म की शानदार ओपनिंग की भविष्यवाणी की। एक फैन ने लिखा-पोस्टर इतना दमदार है कि #King अपने पहले ही दिन भारत में 100 करोड़ (नेट) की कमाई ज़रूर करेगी! आ गए हैं...!!!! भारतीय सिनेमा के 'किंग' आ चुके हैं।
एक अन्य समर्थक ने लिखा-शाहरुख खान 'किंग' के रूप में आ गए हैं। मैं बिल्कुल ऐसे ही दमदार डेब्यू की उम्मीद कर रहा था—उन्होंने ज़बरदस्त एंट्री की है! अगर पोस्टर इतना शानदार है, तो सोचिए अगली झलक कितनी कमाल की होगी! वे बिल्कुल उसी अवतार में नज़र आ रहे हैं जिसे फैंस सबसे ज़्यादा पसंद करते हैं।
पोस्टर शेयर करते हुए शाहरुख खान ने कैप्शन लिखा-आज मुझे फिर से याद आ रहा है... मैं कोई कातिल नहीं हूँ... मैं तो एक आशिक हूं... यह टैगलाइन उनकी 1990 की फिल्म 'बादशाह' के टाइटल ट्रैक की शुरुआती पंक्तियों की याद दिलाती है।
24 दिसंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली फिल्म 'किंग' में शाहरुख खान एक बार फिर 'पठान' के डायरेक्टर सिद्धार्थ आनंद के साथ काम कर रहे हैं। इसके अलावा, इस फिल्म में पहली बार शाहरुख खान और उनकी बेटी सुहाना खान एक साथ स्क्रीन पर नजर आएंगे। फिल्म में दीपिका पादुकोण, अभिषेक बच्चन और रानी मुखर्जी भी अहम भूमिकाओं में हैं।
'किंग' के जरिए शाहरुख खान बड़े पर्दे पर वापसी कर रहे हैं। इससे पहले 2023 में उनकी तीन फिल्में—'पठान', 'जवान' और 'डंकी'—सिनेमाघरों में रिलीज हुई थीं।
बता दें कि शाहरुख खान ने अपने बेटे आर्यन खान की पहली ओटीटी सीरीज 'द बास्टर्ड्स ऑफ बॉलीवुड' में भी एक कैमियो (छोटी सी भूमिका) किया था।
