रणबीर कपूर ने कोलकाता कार्यक्रम में जुबान फिसलने के लिए माफी मांगी
निज संवाददाता : अभिनेता रणबीर कपूर ने कोलकाता में दशहरा कार्यक्रम के दौरान अपनी आने वाली फिल्म 'रामायण: पार्ट वन' के प्रमोशन के दौरान हुई एक जुबान की फिसलन के लिए माफी मांगी है। बॉलीवुड अभिनेता ने कहा कि बुराई पर अच्छाई की जीत के संदेश को बताते समय उनसे गलती से कुछ और कह दिया गया था।
मालूम हो कि बीते मंगलवार को फिल्म की टीम के साथ कार्यक्रम में शामिल हुए 44 वर्षीय अभिनेता ने दशहरा के महत्व के बारे में बात करते हुए गलती से कह दिया था कि अंत में सच्चाई और अच्छाई खत्म हो जाएगी। कपूर ने कहा था-दशहरा हमें एक बहुत खूबसूरत बात याद दिलाती है कि बुराई चाहे कितनी भी ताकतवर क्यों न हो, आखिर में सच्चाई और अच्छाई खत्म हो जाएगी। बुधवार को चेन्नई में फिल्म के प्रमोशन के दौरान उन्होंने अपनी इस गलती पर बात की।
कपूर ने कहा-मैं कल दशहरा कार्यक्रम के दौरान हुई एक घटना के लिए माफी मांगना चाहता हूं। मुझसे जुबान की फिसलन हो गई थी। मैं असल में यह कहना चाहता था कि 'बुराई चाहे कितनी भी ताकतवर क्यों न हो, आखिर में जीत सच्चाई और अच्छाई की ही होगी'।
अपनी इस गलती की ओर इशारा करते हुए, अभिनेता ने अपनी 2011 की फिल्म 'रॉकस्टार' के गाने 'जो भी मैं' की शुरुआती पंक्तियां दोहराईं: "जो भी मैं कहना चाहूं, बर्बाद करें अल्फाज मेरे। उन्होंने आगे कहा-इसलिए, मैं इसके लिए सच में माफी मांगता हूं।
कोलकाता के कार्यक्रम में, कपूर ने 'रामायण' को एक ऐसी कहानी बताया जो लोगों को प्यार, आस्था और संस्कृति के जरिए जोड़ती है। फिल्म में कपूर भगवान राम के किरदार में हैं, साई पल्लवी सीता के रूप में हैं और यश रावण की भूमिका निभा रहे हैं।
नितेश तिवारी द्वारा निर्देशित इस फिल्म को नमित मल्होत्रा के 'प्राइम फोकस स्टूडियो' और विजुअल इफेक्ट्स स्टूडियो 'डीएनईजी' ने प्रोड्यूस किया है, जिसमें यश की 'मॉन्स्टर माइंड क्रिएशन्स' भी शामिल है। सोनी पिक्चर्स इस फिल्म को दुनिया भर में डिस्ट्रीब्यूट करेगी।
