एआई में निवेश को बढ़ावा देने के लिए

माइक्रोसॉफ्ट ने भारत सहित चार देशों में अपने 60,000 कर्मचारियों को स्वेच्छा से नौकरी छोड़ने का विकल्प दिया

एआई में निवेश को बढ़ावा देने के लिए

निज संवाददाता : टेक दिग्गज माइक्रोसॉफ्ट ने अपने कुल कर्मचारियों में से लगभग एक-चौथाई को 'वॉलंटरी सेपरेशन पैकेज' (स्वेच्छा से नौकरी छोड़ने का पैकेज) देने की पेशकश की है। अमेरिका की इस आईटी  कंपनी का लक्ष्य अपने कर्मचारियों की संख्या में लगभग 60,000 की कमी करना है। इस कदम का मकसद खर्चों को कम करना और साथ ही आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई)  में निवेश के लिए पूंजी जुटाना है। माइक्रोसॉफ्ट के एक प्रवक्ता ने बताया कि यह पेशकश अमेरिका, कनाडा, भारत और यूनाइटेड किंगडम में मौजूद कुछ खास टीमों के उन कर्मचारियों को दी जा सकती है, जो वाइस प्रेसिडेंट या उससे नीचे के पदों पर काम कर रहे हैं। हालांकि, डेटा, सेल्स और मार्केटिंग जैसे विभागों में काम करने वाले कुछ समूहों को इस पहल से बाहर रखा गया है।
कंपनी की वाइस प्रेसिडेंट और चीफ पीपल ऑफिसर, एमी कोलमैन ने कर्मचारियों को भेजे एक नोटिफिकेशन में कहा कि यह 'वॉलंटरी सेपरेशन' ऑफर कंपनी की वर्कफोर्स मैनेजमेंट रणनीति में एक बड़ा बदलाव है। उनके अनुसार, इस विकल्प से कर्मचारियों को अपने पेशेवर जीवन में अधिक लचीलापन मिलेगा और उन्हें अपने जीवन के अगले अध्याय को अपनी मर्जी से आकार देने का मौका भी मिलेगा।
माइक्रोसॉफ्ट ने उन लोगों के लिए एक 'सेवरेंस पैकेज' (नौकरी छोड़ने पर मिलने वाला पैकेज) भी प्रस्तावित किया है जो स्वेच्छा से कंपनी छोड़ना चुनते हैं। इस पैकेज में आर्थिक मुआवजा, कंपनी के मौजूदा स्टॉक को अपने पास रखने का विकल्प और हेल्थ इंश्योरेंस कवर शामिल हैं। हालांकि, इस पेशकश ने कर्मचारियों के बीच अपनी नौकरी की भविष्य की सुरक्षा को लेकर अनिश्चितता पैदा कर दी है। कंपनी के भीतर कई लोग अब यह सवाल उठा रहे हैं कि अगर कोई कर्मचारी इस 'वॉलंटरी सेपरेशन' ऑफर को ठुकरा देता है, तो क्या उसकी नौकरी सुरक्षित रहेगी?  खासकर तब, जब कंपनी भविष्य में और छंटनी करने का फैसला ले। 'बिजनेस इनसाइडर'  की एक रिपोर्ट के अनुसार,  इस पैकेज की शर्तें कर्मचारी के पद, काम करने की जगह और कंपनी में बिताए गए समय (कार्यकाल) के आधार पर तय की गई हैं। कुछ कर्मचारियों को हर छह महीने की सेवा के बदले कई हफ्तों की बेसिक सैलरी के बराबर मुआवजा मिल सकता है, जबकि कुछ अन्य कर्मचारियों के लिए कंपनी ने एक साल की सैलरी के बराबर का आर्थिक पैकेज तैयार किया है।
इस साल यह दूसरी बार है जब माइक्रोसॉफ्ट ने अपने कर्मचारियों को 'वॉलंटरी सेपरेशन पैकेज' (स्वैच्छिक विदाई पैकेज) की पेशकश की है। इससे पहले अप्रैल में, कंपनी ने कथित तौर पर अमेरिका में काम करने वाले अपने लगभग 7 फीसदी कर्मचारियों को समय से पहले रिटायरमेंट लेने का मौका दिया था। एक राष्ट्रीय मीडिया संस्थान की रिपोर्ट के अनुसार, कर्मचारियों के पास यह तय करने के लिए दिसंबर की शुरुआत तक का समय है कि वे इस 'वॉलंटरी सेपरेशन' ऑफर को स्वीकार करें या नहीं। जो कर्मचारी इस ऑफर को स्वीकार करते हैं, उन्हें साल के अंत तक माइक्रोसॉफ्ट छोड़ना होगा।

Tags:

About The Author

Advertisement

Latest News