बंगाल के स्कूली पाठ्यक्रम में शामिल होंगे श्यामा प्रसाद मुखर्जी
सिंगूर आंदोलन की होगी विदाई
निज संवाददाता : पश्चिम बंगाल के पाठ्यक्रम में अगले शैक्षणिक वर्ष से बदलाव होने जा रहा है। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि पश्चिम बंगाल में स्कूली पाठ्यक्रम और पाठ्यपुस्तकों में श्यामा प्रसाद मुखर्जी के योगदान, उनकी देशभक्ति और आजादी के बाद भारत और बंगाल के राष्ट्र-निर्माण में उनकी भूमिका को शामिल किया जाएगा। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि इसे स्कूलों से लेकर विश्वविद्यालय स्तर तक के पाठ्यक्रम में पढ़ाया जाना चाहिए। वहीं अभी तक स्कूलों में पढ़ाया जा रहा सिंगूर मामला किताब से बाहर कर दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती पर कहा कि अगले शैक्षणिक वर्ष से, पश्चिम बंगाल के इतिहास में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की भूमिका, उनकी देशभक्ति और राष्ट्रवादी विचारों, अखंड भारत में उनके योगदान और जिस तरह से उन्होंने पश्चिम बंगाल को भारत में शामिल करना संभव बनाया, उसे पश्चिम बंगाल की पाठ्यपुस्तकों में पढ़ाया जाएगा।
शुभेंदु अधिकारी ने विधानसभा में मुखर्जी के भाषणों, भारत सरकार में उद्योग मंत्री सहित कई विभागों के मंत्री बनने, आजादी के बाद भारत के राष्ट्र-निर्माण में उनके योगदान और कलकत्ता विश्वविद्यालय में शिक्षा के विस्तार में उनके योगदान के बारे में विस्तार से बात की। मुख्यमंत्री ने कहा कि मेरा मानना है कि इन विषयों को स्कूली पाठ्यक्रम से लेकर विश्वविद्यालय तक हमारी वर्तमान और भावी पीढ़ियों द्वारा पढ़ा और समझा जाना चाहिए। सिंगुर में टाटा को भगाने का इतिहास सिलेबल से हटना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्व छात्र के तौर पर, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी 1906 से 1917 तक मित्रा इंस्टीट्यूशन स्कूल से जुड़े रहे। यहां के एक वरिष्ठ शिक्षक ने 1924 से 1938 तक इस स्कूल के प्रशासनिक प्रबंधन में उनकी भूमिका को याद किया। मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि मित्रा इंस्टीट्यूशन स्कूल की इमारत का नवीनीकरण और आधुनिकीकरण किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस स्कूल का आधुनिकीकरण PM SHRI योजना के तहत किया जाएगा। मैंने राज्य के स्कूल सचिव से अनुरोध किया है कि वे इस स्कूल को अटलजी के नाम पर बनी योजना में शामिल करें।
सीएम ने कहा कि मैं स्कूल के विकास के लिए अपने 1 करोड़ रुपये के विधायक फंड से 25 लाख रुपये का योगदान दूंगा। इस साल, हम मूर्ति निर्माण और अन्य कार्यों पर 200 करोड़ रुपये खर्च करेंगे। उन्होंने कहा कि आज स्कूलों में प्रार्थना के दौरान वंदे मातरम गाया जा रहा है। राज्य के मुख्यमंत्री ने कहा कि भविष्य में हर घर में श्यामा प्रसाद को याद किया जाएगा।
बंगाल की मुख्यमंत्री ने कहा कि हम आज पश्चिम बंगाल में इसलिए रह रहे हैं क्योंकि यह महान ऐतिहासिक व्यक्ति थे। वरना, हम उस समय के पाकिस्तान में होते। 20 जून 1947 को पश्चिम बंगाल का भारत में विलय उन्हीं की वजह से संभव हो पाया था। मौजूदा सरकार श्यामा प्रसाद मुखर्जी के सिद्धांतों पर काम करेगी। अधिकारी ने कहा कि वामपंथी शासन के 34 वर्षों और तृणमूल के 15 वर्षों के शासनकाल के दौरान, लोगों को डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान और योगदान को भुलाने की कोशिश की गई थी।
