‘मैं अपना जमीर नहीं बेचती’

टीएमसी छोड़ने वालों पर ममता ने किया हमला

‘मैं अपना जमीर नहीं बेचती’


निज संवाददाता : पूर्व मुख्यमंत्री और टीएमसी प्रमुख ममता बनर्जी ने शुभेंदु सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि पिछले करीब दो महीनों में बंगाल की संस्कृति और सामाजिक सौहार्द बिगड़ा है। भाईचारे के साथ-साथ महिलाओं की सुरक्षा पर भी असर पड़ा है। उन्होंने टीएमसी छोड़कर जाने वाले नेताओं को घेरते हुए कहा कि भाजपा के पास संगठन की कमी है। इसलिए उन्होंने कुछ ‘गद्दारों’ को अपने साथ शामिल किया है।
ममता ने कहा कि हमें जबरदस्ती हराया गया। एक दिन यह साबित हो जाएगा। मैं पुलिस का सम्मान करती हूं लेकिन वे बीजेपी  कार्यकर्ताओं की तरह काम कर रहे हैं और हमारे नेताओं को धमकी दे रहे हैं कि या तो वे बीजेपी  में शामिल हो जाएं या पाला बदल लें,  वरना उन्हें जेल जाना पड़ेगा। ममता ने कहा कि अगर मैंने समझौता किया होता, तो हमें यह सब नहीं झेलना पड़ता, लेकिन मैं अपना जमीर नहीं बेचती। मुझे उन लोगों के लिए बुरा लगता है जिन्होंने हमारी पार्टी के चुनाव चिह्न पर लड़ने वाले उम्मीदवारों को वोट दिया था। सिर्फ वही लोग पाला बदल रहे हैं जो बोझ हैं।
बीजेपी सरकार पर निशाना साधते हुए टीएमसी प्रमुख ममता बनर्जी ने कहा कि कई लाभार्थी अन्नपूर्णा भंडार और अन्य योजनाओं के लाभ से वंचित रह गए हैं। स्कूलों में छात्र भूखे हैं क्योंकि राज्य सरकार ने लंच मेन्यू से अंडे हटा दिए हैं। मौजूदा सरकार टीएमसी की गरीबों के लिए चलाई योजना को बंद करने का काम कर रही है। ममता ने कहा कि सरकार को छात्रों को मिलने वाले मेन्यू के बारे में सोचना चाहिए।
ममता बनर्जी ने आगे कहा-हमने अपना संघर्ष कभी नहीं छोड़ा। मैं फिर से कहती हूं कि जब हम सत्ता में थे, तो केंद्र सरकार ने हमारी सारी फंडिंग रोक दी थी। इसके बावजूद, हमने आम लोगों के लिए 105 प्रोजेक्ट शुरू किए। आज मैं अलग-अलग YouTube और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर देख रही हूं कि ‘लक्ष्मी भंडार’  योजना से लगभग 1.5 करोड़ नाम हटा दिए गए हैं।
ममता बनर्जी ने कहा-आज अभिषेक आपको (बागी टीएमसी नेताओं को) ‘बहुत बुरे’ लगते हैं। क्या आपको याद नहीं कि उनकी पत्नी अपने बच्चों के साथ सीबीआई  के पास कैसे गई थीं?  अगर वह चाहते, तो किसी ‘फिक्स’ या समझौते के जरिए राहत पा सकते थे। अगर उनसे कोई गलती हुई भी, तो उन्होंने उससे उबरकर खुद को साबित किया, क्योंकि वह शेर की तरह लड़ते हैं।
बीजेपी  पर आरोप लगाते हुए ममता ने कहा-वे डर दिखाकर नगर पालिकाओं को भंग कर रहे हैं। वे जिला परिषदों और पंचायत ग्राम सभाओं पर जबरदस्ती कब्जा कर रहे हैं। चुनावों में हमें जबरदस्ती हराया गया। जब वे केंद्र में सत्ता खो देंगे, तो डर ही उनके पतन का कारण बनेगा। बीजेपी  एजेंसियों और केंद्रीय बलों का गलत इस्तेमाल कर रही है। पुलिस बीजेपी  के एजेंट की तरह काम कर रही है। टीएमसी  कार्यकर्ताओं को मीटिंग करने की इजाजत नहीं दी जा रही है।

Tags:

About The Author

Advertisement

Latest News