आमतला स्थित अभिषेक बनरजी के दफ्तर को बुलडोजर से गिराया गया

बिल्डिंग प्लान मंजूरी के बिना अवैध निर्माण का आरोप

आमतला स्थित अभिषेक बनरजी के दफ्तर को बुलडोजर से गिराया गया


निज संवाददाता : दक्षिण 24 परगना में शनिवार को उस समय तनाव पैदा गया जब अधिकारियों ने तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के राष्ट्रीय महासचिव और डायमंड हार्बर सांसद अभिषेक बनर्जी के सांसद कार्यालय को अवैध निर्माण के आरोप में ध्वस्त कर दिया। इस दौरान जमकर बवाल मचा। मौके पर भारी भीड़ उमड़ पड़ी।
जानकारी के मुताबिक कार्यालय पर शनिवार को बुलडोज़र चलाकर जमींदोज कर दिया गया। इस दौरान इलाके में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था। आमतला में आमतला-बारुईपुर रोड पर स्थित कार्यालय पर बुलडोजर पहुंचे और इमारत को ध्वस्त करना शुरू कर दिया गया।
प्रशासन की इस कार्रवाई से पहले एक नोटिस चिपकाया था जिसमें आरोप लगाया गया था कि कार्यालय का निर्माण बिना अनुमति के किया गया था। जिला प्रशासन का दावा था कि यह कार्यालय बिना मंजूरी बिल्डिंग प्लान के गैर कानूनी तरीके से बनाया गया था। इसी आरोप के आधार पर पहले दो बार सुनवाई के लिए अभिषेक बनर्जी को नोटिस भेजा गया था, लेकिन तय सुनवाई में कोई नहीं आया, इसलिए आगे की कार्रवाई की गई।
शनिवार सुबह से ही भारी पुलिस बल, केंद्रीय बल, फ़ायर ब्रिगेड, बीडीओ और बीएलआरओ के साथ प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए। इस दौरान पूरे इलाके को गार्ड रेल से घेर दिया गया और सुरक्षा कड़ी कर दी गई। बिल्डिंग के शेड और ढांचे को चरणों में गिराने के लिए तीन बुलडोज़र मंगाए गए। यह भी पता चला है कि विधानसभा चुनाव के नतीजे घोषित होने के बाद से ही कार्यालय पर ताला लगा हुआ था।
गौरतलब है कि यह घटनाक्रम कोलकाता नगर निगम (केएमसी) द्वारा अभिषेक बनर्जी, उनके परिवार के सदस्यों और उनकी कंपनी ‘लीप्स एंड बाउंड्स’ से जुड़े नामों पर दर्ज 17 संपत्तियों के लिए नोटिस जारी करने के बाद सामने आया है। जिन संपत्तियों के लिए नोटिस जारी किए गए हैं, उनमें हरीश मुखर्जी रोड स्थित बनर्जी का आवास ‘शांतिनिकेतन’ भी शामिल है। यह मुद्दा तब सामने आया जब बीजेपी ने डायमंड हार्बर सांसद से जुड़ी 43 संपत्तियों की एक सूची जारी की, जिनमें से कई कथित तौर पर उनके सहयोगियों के संयुक्त स्वामित्व में थीं।

Tags:

About The Author

Advertisement

Latest News