फुटबॉल खेलते युवक पर आसमान से गिरी बिजली
हुई मौत
निज संवाददाता : पश्चिम बंगाल के पूर्व बर्दवान जिले के जमालपुर ब्लॉक से एक बेहद दुखद घटना सामने आई है। फुटबॉल खेलने गए एक स्कूली छात्र पर आकाशीय बिजली गिर गई। इस हादसे में युवक की मौत हो गई। मृतक छात्र की पहचान 13 वर्षीय अर्घ्य रुइदास के रूप में हुई है, जो जमालपुर ब्लॉक के बलरामपुर गांव का निवासी था। वह छठी कक्षा का छात्र था।
मंगलवार शाम अर्घ्य अपने दोस्तों के साथ घर के पास स्थित मैदान में फुटबॉल खेल रहा था। उस समय आसमान में बादल तो थे, लेकिन बारिश नहीं हो रही थी। बच्चे सामान्य रूप से खेल में व्यस्त थे। इसी दौरान अचानक आकाशीय बिजली गिरी। बिजली गिरने की तीव्रता इतनी अधिक थी कि अर्घ्य और उसका एक साथी मैदान में ही बेहोश होकर गिर पड़े।
घटना होते ही मैदान में मौजूद अन्य बच्चों और स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीण तत्काल दोनों बच्चों को लेकर जमालपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद अर्घ्य रुइदास को मृत घोषित कर दिया। वहीं उसके घायल दोस्त का प्राथमिक उपचार किया गया और बाद में उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
अर्घ्य की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी मातम का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अर्घ्य एक होनहार और प्रतिभाशाली छात्र था, जिसकी असमय मौत ने सभी को झकझोर कर रख दिया है।
मृतक के रिश्तेदार राजेश रुइदास ने बताया, आज मौसम पूरी तरह सामान्य लग रहा था। बारिश भी नहीं हो रही थी। बच्चे मैदान में फुटबॉल खेल रहे थे। अचानक न जाने कैसे बिजली गिरी और सीधे अर्घ्य इसकी चपेट में आ गया। दो बच्चे घायल हुए थे, लेकिन अर्घ्य को बचाया नहीं जा सका। वह बहुत प्रतिभाशाली था। इतनी कम उम्र में उसका यूं चले जाना बेहद दुखद है।
इस दर्दनाक घटना के बाद स्थानीय लोगों ने बच्चों और युवाओं से मौसम खराब होने या आसमान में बादल छाए रहने के दौरान खुले मैदानों में खेलने से बचने की अपील की है। वहीं प्रशासन की ओर से भी लोगों को वज्रपात के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। अर्घ्य की मौत ने पूरे इलाके को गहरे सदमे में डाल दिया है।
