मुख्यमंत्री के हेलिकॉप्टर में तकनीकी खराबी!
केशपुर जाते समय कोलाघाट में इमरजेंसी लैंडिंग
निज संवाददाता : पश्चिम बंगाल में मंगलवार को खराब मौसम के चलते मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के हेलिकॉप्टर की इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी। मुख्यमंत्री को लेकर जा रहे हेलिकॉप्टर को सावधानी के तौर पर कोलाघाट इलाके के एक खुले मैदान में उतारा गया। बता दें कि शुभेंदु अधिकारी मंगलवार को दमदम से हेलिकॉप्टर के जरिए केशपुर के लिए रवाना हुए थे। उन्हें स्वतंत्रता सेनानी खुदीराम बोस को श्रद्धांजलि देने के लिए आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल होना था। हालांकि, केशपुर में खराब मौसम के कारण हेलिकॉप्टर को आगे ले जाना संभव नहीं हुआ।
अधिकारियों के अनुसार, केशपुर में मंगलवार सुबह गरज के साथ बारिश हुई थी। बारिश के कारण कार्यक्रम स्थल पर बनाया गया अस्थायी हेलीपैड भी पानी से भर गया था। ऐसी परिस्थितियों को देखते हुए पायलट ने सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए हेलिकॉप्टर को कोलाघाट के एक खुले मैदान में उतारने का फैसला किया। लैंडिंग के बाद यह स्पष्ट नहीं था कि शुभेंदु अधिकारी अपनी आगे की यात्रा किस माध्यम से करेंगे। बाद में बताया गया कि उन्होंने कोलाघाट से सड़क मार्ग के जरिए केशपुर की ओर आगे का सफर किया।
इस इमरजेंसी लैंडिंग से पहले हेलिकॉप्टर को लेकर एक और जानकारी सामने आई थी। सूत्रों ने समाचार एजेंसी पीटीआई को बताया कि हेलिकॉप्टर में तकनीकी खराबी आई थी। हालांकि, सूत्रों के मुताबिक, शुभेंदु अधिकारी के हेलिकॉप्टर में सवार होने से पहले ही कोलकाता के नेताजी सुभाष चंद्र बोस इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर तकनीकी समस्या को ठीक कर लिया गया था। इसके बाद अशुभेंदु उसी हेलिकॉप्टर से अपने निर्धारित कार्यक्रम के लिए रवाना हुए थे।
