बहनें शुभ मुहूर्त में ही बांधें भाइयों की कलाई पर राखी
निज संवाददाता : रक्षाबंधन का त्योहार भाई-बहन के अटूट प्रेम का प्रतीक माना जाता है| राखी सिर्फ एक धागा नहीं बल्कि प्रेम, विश्वास और एक-दूसरे की रक्षा के संकल्प का बंधन है| हर साल रक्षाबंधन पर बहनें अपने भाइयों की कलाई पर राखी बांधकर उनकी लंबी उम्र और खुशहाली की कामना करती हैं| राखी बांधने के कुछ खास नियम होते हैं जिनका पालन करने से रक्षाबंधन पर्व का महत्व और भी अधिक बढ़ जाता है| हिंदू धर्म में कोई भी शुभ कार्य करने से पहले शुभ मुहूर्त का ध्यान रखा जाता है| रक्षाबंधन जैसे पर्व पर भद्राकाल का विशेष ध्यान रखना चाहिए| पौराणिक मान्यताओं के मुताबिक भद्रा शनिदेव की बहन है और उनको अशुभ माना जाता है| माना जाता है कि भद्राकाल में किया गया शुभ कार्य फलदायी नहीं होता है, तो कई बार इसका विपरीत प्रभाव भी देखने को मिल सकता है| कहा जाता है कि लंकापति रावण की बहन उसको भद्रा काल में राखी बांधती थी, जिसके बाद रावण का विनाश हो गया था| इसलिए भद्रा रहित काल में ही बहनों को अपने भाई के राखी बांधनी चाहिए|
राखी को गंगाजल से करें शुद्ध
राखी सिर्फ एक धागा नहीं बल्कि यह बहन के प्रेम और भाई के प्रति उसकी मंगल कामनाओं और सुरक्षा का प्रतीक होता है| जब भी हम बाजार से राखी खरीदते हैं, तो वह कई हाथों से होकर गुजरती है| साथ ही हमको यह भी नहीं पता होता है कि उसको बनाने वाले, बेचने वाले या छूने वाले लोगों की ऊर्जा कैसी है| इसलिए राखी को बांधने से पहले उसको गंगाजल से शुद्ध करना चाहिए| इससे राखी सभी नकारात्मक ऊर्जाओं से मुक्त करता है| ऐसा करने से राखी को अधिक पवित्र और प्रभावी बनाता है| गंगाजल से शुद्ध राखी में दैवीय शक्ति का वास होता है| यह राखी बाहरी बुराइयों से बचाता है और भाई के जीवन में सुख-समृद्धि को भी लाती है|
सही दिशा में बैठकर भाई को बांधें राखी
हिंदू धर्म में किसी भी शुभ कार्य को करते समय दिशा का विशेष महत्व होता है| माना जाता है कि सही दिशा में बैठकर पूजा करने या कोई भी शुभ अनुष्ठान करने से सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है| धार्मिक शास्त्रों के मुताबिक राखी बांधते समय भाई का मुख हमेशा पूर्व दिशा की तरफ होना चाहिए| पूर्व दिशा को सूर्योदय की दिशा माना जाता है| जो कि सकारात्मक और नई शुरुआत का प्रतीक होता है| इस दिशा में मुख करके बैठने से भाई को आरोग्य और दीर्घायु की प्राप्ति होती है|
-------------