अडानी ने 1000 करोड़ में 10वां जेट खरीदा
बिलेनियर उद्योगपति गौतम अडाणी ने अमेरिकी विमान कंपनी बोइंग से 737-मैक्स 8-बीबीजे सीरीज का लग्जरियस बिजनेस जेट (वीटी-आरएसए) खरीदा है|
अहमदाबादः बिलेनियर उद्योगपति गौतम अडाणी ने अमेरिकी विमान कंपनी बोइंग से 737-मैक्स 8-बीबीजे सीरीज का लग्जरियस बिजनेस जेट (वीटी-आरएसए) खरीदा है| इसकी कीमत करीब 1000 करोड़ रुपए है| यह लंदन तक नॉन-स्टॉप उड़ान भर सकता है, जबकि अमेरिका-कनाडा तक एक बार ईंधन भरने के बाद पहुंच सकता है| अडानी का नया प्लेन स्विट्जरलैंड के बेसल शहर से 9 घंटे में 6300 किलोमीटर की दूरी तय कर यह गणेश चतुर्थी के दिन बुधवार सुबह 10 बजे अहमदाबाद एयरपोर्ट पर उतरा| वाटर कैनन सैल्यूट से इसका स्वागत किया गया| रिलायंस ग्रुप के चेयरमैन मुकेश अंबानी ने भी 24 अगस्त 2024 को इसी सीरीज का विमान खरीदा था| वैसे बोइंग 737 मैक्स 200-सीटर विमानों का इस्तेमाल अकासा, एअर इंडिया एक्सप्रेस, स्पाइसजेट भी करती हैं| अब उद्योगपति भी अपने निजी उपयोग के लिए इसका इस्तेमाल कर रहे हैं|
अडानी के बिजनेस जेट का इंटीरियर स्विट्जरलैंड में 35 करोड़ रुपए की लागत से किया गया है| यह अल्ट्रा-लग्जरी एयरक्राफ्ट सुइट बेडरूम, बाथरूम, प्रीमियम लाउंज, कॉन्फ्रेंस रूम जैसी सुविधाओं से लैस है और 35 हजार फीट की ऊंचाई पर उड़ते फाइव स्टार होटल के बराबर है| विमान का इंटीरियर पूरा करने में 2 साल का समय लगा| सूत्रों के मुताबिक, अडानी समूह की कर्णावती एविएशन कंपनी के पास नए विमान के साथ 10 बिजनेस जेट का बेड़ा हो गया है| इनमें अमेरिकी बोइंग-737 सबसे महंगा है| इसके साथ ही कनाडा, ब्राजील और स्विस सीरीज के भी जेट हैं| वहीं, अडाणी ने बी-200, हॉकर्स, चैलेंजर सीरीज के 3 पुराने जेट बेच दिए हैं|