दुनियाभर में धूम मचा रही ‘धुरंधर’
कमाई में बाहुबली जैसी ऑल-टाइम ब्लॉकबस्टर फिल्म से निकल गई आगे
निज संवाददाता : आदित्य धर की फिल्म ‘धुरंधर’ रुकने के मूड में नजर नहीं आ रही है। रणवीर सिंह स्टारर इस फिल्म की कमाई में दूसरे बुधवार को 15 फीसद की गिरावट दर्ज की गई, लेकिन विदेशों में इसने शानदार प्रदर्शन करते हुए एक दिन में 40 करोड़ रुपये कमाई। इसके साथ ही फिल्म ने 650 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया है और बाहुबली जैसी ऑल-टाइम ब्लॉकबस्टर फिल्म से आगे निकल गई है।
धुरंधर ने अपने पहले 13 दिनों में 437.25 करोड़ रुपये (524.50 करोड़ ग्रास) की कमाई की है। इसी के साथ यह अब भारत में सातवीं सबसे अधिक कमाई करने वाली हिंदी फिल्म बन गई है। दर्शकों के जबरदस्त रिस्पॉन्स के कारण ‘धुरंधर’ ने दूसरे हफ्ते में विदेशों में भी अपनी कमाई बढ़ाई। इसने अब तक ग्लोबली लगभग $17 मिलियन की कमाई की है, जिसमें से ज्य़ादातक कमाई रिलीज के दूसरे हफ्ते में हुई है। धुरंधर ने अब वर्ल्डवाइड 674 करोड़ की शानदार कमाई कर ली है।
बता दें कि 'धुरंधर' ने वर्ल्डवाइड 674 करोड़ का कलेक्शन कर एसएस राजामौली की फिल्म 'बाहुबली वॉल्यूम 1' के कुल कलेक्शन को पीछे छोड़ दिया है। 2015 में आई इस हिट फिल्म ने वर्ल्डवाइड 650 करोड़ कमाए थे। 'धुरंधर' अब सबसे ज्यादा कमाई करने वाली भारतीय फिल्मों की लिस्ट में 18वें नंबर पर है। गुरुवार को यह 'गदर 2' को पीछे छोड़ते हुए 700 करोड़ रुपयों का आंकड़ा पार कर लेगी और तीसरे हफ्ते में लिस्ट में और ऊपर चढ़ जाएगी।
इस शुक्रवार को हॉलीवुड की बड़ी फिल्म 'अवतार: फायर एंड ऐश' की रिलीज से 'धुरंधर' की कमाई पर असर पड़ेगा, क्योंकि जेम्स कैमरून की यह फिल्म भारत भर के सिनेमाघरों में सबसे ज्यादा दिखाई जाएगी। हालांकि 'धुरंधर' पॉजिटिव वर्ड ऑफ माउथ की बदौलत अपनी रफ्तार बरकार रख सकती है। दिलचस्प बात ये है कि 'धुरंधर' से 2025 में बॉक्स ऑफिस पर 1000 करोड़ का आंकड़ा छूने वाली पहली भारतीय फिल्म बनने की उम्मीद है।
आदित्य धर द्वारा निर्देशित स्पाई थ्रिलर, ‘धुरंधर’ में रणवीर ने कराची के गिरोह और आतंकी नेटवर्क में घुसपैठ करने वाले एक भारतीय ऑपरेटिव हमजा की भूमिका निभाई है। फिल्म में अक्षय खन्ना, अर्जुन रामपाल, संजय दत्त और आर माधवन भी प्रमुख भूमिकाओं में हैं।
