कप्तान के तौर पर सूर्यकुमार यादव का कार्यकाल समाप्त
भारतीय टी20 टीम के नये कप्तान कौन बन सकते हैं
बल्लेबाज श्रेयस अय्यर को भारतीय टी20 क्रिकेट टीम का नया कप्तान बनाया जा सकता है। एक रिपोर्ट के अनुसार भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई), श्रेयस अय्यर को भारत का अगला टी20 कप्तान नियुक्त जबकि तिलक वर्मा को उपकप्तान बनाना चाहता है। इससे साफ है कि कप्तान के तौर पर सूर्यकुमार यादव का कार्यकाल समाप्त हो गया है। सूर्या का प्रदर्शन पिछले कुछ समय से अच्छा नहीं रहा है। उन्हें कप्तानी से तो हटाया ही जा रहा है, साथ ही खराब फॉर्म के चलते आगामी टी20 सीरीज से टीम से भी बाहर किया जा सकता है। वहीं उप-कप्तान की जिम्मेदारी भी अक्षर पटेल से लेकर युवा तिलक वर्मा को सौंपी जाएगी। माना जा रहा है कि बीसीसीआई की चयनसमिति अब बदलाव के लिए तैयार हो गयी है। बीसीसीआई की ऑनलाइन एपेक्स काउंसिल की बैठक में इस फैसले को मंजूरी मिल सकती है। एपेक्स कमेटी मुख्य चयनकर्ता को सूचित करेगी कि अगली बैठक में सूर्यकुमार कप्तान के तौर पर शामिल रहेंगे या नहीं। उनकी जगह अय्यर यह भूमिका निभाएंगे। सूर्यकुमार को हटाने और श्रेयस को नया कप्तान बनाने को लेकर सहमति बन चुकी है। हालांकि, शुरुआत में मुख्य कोच गौतम गंभीर संजू सैमसन को कप्तान बनाना चाहते थे पर बीसीसीआई और मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर ने श्रेयस अय्यर के नाम पर ही सहमति जताई। बाद में कोच, बोर्ड और चयनकर्ताओं के बीच अय्यर को कप्तान और तिलक वर्मा को उप-कप्तान बनाने को लेकर अंतिम सहमति बन गई। सूर्यकुमार यादव, जिन्होंने हाल ही में भारतीय टीम का नेतृत्व किया था, अपनी खराब फॉर्म के कारण टीम से बाहर किए जा रहे हैं। उन्हें आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे के लिए घोषित होने वाली टीम में जगह मिलना मुश्किल लग रहा है। बीसीसीआई का यह कदम 2026 टी20 विश्व कप को ध्यान में रखते हुए टीम को एक नई दिशा और नेतृत्व प्रदान करने के उद्देश्य से उठाया गया है। अय्यर के लिए बतौर कप्तान पहली सीरीज आयरलैंड के खिलाफ होगी। भारतीय टीम 26 जून से आयरलैंड के खिलाफ दो मैचों की टी20 सीरीज खेलेगा। इसके बाद टीम इंडिया इंग्लैंड दौर पर रवाना होगी, जहां उन्हें मेजबान टीम के खिलाफ पांच मैचों की टी20 सीरीज खेलनी है। बीसीसीआई जल्द ही इन दौरों के लिए टीम की घोषणा करेगी। इसके बाद नए कप्तान और उप-कप्तान की आधिकारिक घोषणा होगी। भारतीय टीम के आयरलैंड दौरे का पहला टी20 मैच 26 जून को बेलफास्ट के सिविल सर्विस क्रिकेट क्लब में शाम 7:30 बजे से खेला जाएगा। दूसरा टी20 28 जून को भी सिविल सर्विस क्रिकेट क्लब, बेलफास्ट में ही शाम 7:30 बजे से होगा। इसके बाद भारत का इंग्लैंड दौरा 2026 शुरू होगा। पहला टी20 1 जुलाई को चेस्टर ली स्ट्रीट में रात 11 बजे से, दूसरा 4 जुलाई को मैनचेस्टर में शाम 7 बजे से, तीसरा 7 जुलाई को नॉटिंघम में रात 11 बजे से, चौथा 9 जुलाई को ब्रिस्टल में रात 11 बजे से और पांचवां व अंतिम टी20 11 जुलाई को साउथहैंप्टन में रात 11 बजे से खेला जाएगा। ये सभी मुकाबले नए कप्तान श्रेयस अय्यर के नेतृत्व में एक नई भारतीय टीम के लिए महत्वपूर्ण होंगे।
