कलकत्ता हाईकोर्ट ने खारिज की कांग्रेस की याचिका
नंदीग्राम से बीजेपी प्रत्याशी हसीरानी रथ को बड़ी राहत
निज संवाददाता : कलकत्ता हाईकोर्ट ने कांग्रेस की उस याचिका को मंगलवार को खारिज कर दिया, जिसमें नंदीग्राम विधानसभा उपचुनाव के लिए बीजेपी की उम्मीदवार हासिरानी रथ के चुनावी हलफनामे में उम्र संबंधी विसंगति होने का आरोप लगाया गया था। कांग्रेस ने दावा किया था कि रथ के हलफनामे में उनकी उम्र 60 से अधिक बताई गई है, जबकि दसवीं कक्षा उत्तीर्ण करने का साल 1965 दर्ज है।
हाईकोर्ट के जस्टिस कृष्णा राव की बैंच ने फैसला सुनाते हुए कांग्रेस की याचिका खारिज कर दी। इससे पहले जस्टिस राव ने दोनों पक्षों की दलीलें पूरी होने के बाद 25 सितंबर को कांग्रेस की याचिका पर अपना फैसला सुरक्षित रख लिया था।
पश्चिम बंगाल कांग्रेस का आरोप था कि बीजेपी की उम्मीदवार हासिरानी रथ के दिए गए चुनावी हलफनामे में बताई गई उम्र और 10वीं के रिजल्ट में दर्ज उम्र को लेकर बड़ा अंतर दिखाई देता है। कांग्रेस ने याचिका के माध्यम से बीजेपी उम्मीदवार द्वारा जमा किए गए दस्तावेजों की जांच कराने का आदेश देने का अनुरोध किया था।
कांग्रेस की ओर से पेश वकील ने दलील दी थी कि उम्मीदवार के हलफनामे की जांच करना निर्वाचन आयोग का दायित्व है। इसपर निर्वाचन आयोग ने कहना था कि कांग्रेस का इस मामले में कोई कानूनी अधिकार नहीं बनता, क्योंकि उसे उम्मीदवार के नामांकन पत्रों की जांच के संबंध में आपत्ति दर्ज कराने का अधिकार नहीं है।
वहीं, अदालत में सुनवाई के दौरान निर्वाचन आयोग के वकील जिष्णु चौधरी ने कहा कि नंदीग्राम उपचुनाव के लिए नामांकन पत्रों की जांच 17 सितंबर को पूरी हो चुकी है और अब इस चरण में आपत्ति दर्ज नहीं कराई जा सकती। उन्होंने दलील दी कि किसी हलफनामे में कथित तौर पर गलत जानकारी देना नामांकन खारिज करने का आधार नहीं हो सकता।
निर्वाचन आयोग की ओर से ही पैरवी कर रहे वरिष्ठ अधिवक्ता डी. एस. नायडू ने कहा कि उम्र में कथित अंतर को ऐसा गंभीर दोष नहीं माना जा सकता, जिसके आधार पर रथ की उम्मीदवारी रद्द कर दी जाए क्योंकि चुनाव लड़ने के लिए कोई अधिकतम आयु सीमा निर्धारित नहीं है।
पश्चिम बंगाल की दो विधानसभा सीटों पर 6 अक्टूबर को उपचुनाव होने हैं। इसमें नंदीग्राम और रेजीनगर विधानसभा सीट शामिल है। दोनों सीटों पर वोटों की गिनती और परिणामों की घोषणा 9 अक्टूबर को होगी। वहीं, हाल ही में एक राज्यसभा सीट पर भी उपचुनाव की घोषणा की गई है। इसके लिए 16 अक्टूबर को वोटिंग किया जाना है।
