सिमुलिया तालाब कम्युनिटी सेंटर भूमि विवाद पर फर्जीवाड़े के आरोप, प्रशासन पर उठे सवाल
आसनसोल : पश्चिम बर्दवान आसनसोल नॉर्थ थाना क्षेत्र के बाबू तालाव के पास स्थित सिमुलिया तालाब कम्युनिटी सेंटर की जमीन को लेकर फर्जीवाड़े के गंभीर आरोप सामने आए हैं। इस पूरे प्रकरण ने आसनसोल नगर निगम प्रशासन को कटघरे में खड़ा कर दिया है।
पश्चिम बर्दवान जिला मीम नेता ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इस मामले पर कई सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि आसनसोल नगर निगम द्वारा वार्ड संख्या 26 में सिमुलिया तालाब के पास कम्युनिटी सेंटर निर्माण के लिए करीब दो वर्ष पूर्व बोर्ड लगाया गया था और नारियल फोड़कर शिलान्यास भी किया गया था। लेकिन दो साल बीत जाने के बाद भी वहां किसी तरह का कम्युनिटी हॉल का निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ।
दानिश अज़ीज़ मीम नेता का आरोप है कि वर्तमान में उसी स्थान पर किसी प्रकार का निर्माण कार्य जरूर चल रहा है, पर यह स्पष्ट नहीं है कि यह कार्य किसके द्वारा और किस अनुमति के तहत किया जा रहा है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि पूरे मामले की सच्चाई को सार्वजनिक किया जाए, ताकि जनता को वास्तविक जानकारी मिल सके।
सूत्रों के अनुसार, यह आशंका जताई जा रही है कि कुछ प्रमोटर उस भूमि पर कब्जा करने की कोशिश कर रहे हैं। इस मुद्दे को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी देखी जा रही है, और वे भी प्रशासन से निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच की मांग कर रहे हैं।
