बंगाल को घुसपैठियों से मुक्त कराएंगे : अमित शाह
निज संवाददाता : केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने मंगलवार को पश्विम बंगाल के पश्चिम बर्दवान में एक चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए तृणमूल कांग्रेस पर जमकर हमला बोला। साथ ही बंगाल को घुसपैठियों से मुक्त कराने की बात कही। अमित शाह ने कहा कि इस बार बंगाल में बीजेपी की सरकार बनने जा रही है। सरकार बनने के बाद बंगाल में यूसीसी लाएंगे। इसे कोई रोक नहीं पाएगा। शाह ने कहा कि इसके जरिए बंगाल में 4 शादियों पर भी बैन लगाया जाएगा।
अमित शाह ने कहा कि प्रदेश की टीएमसी सरकार में माफियाओं का बोल-बाला है। उन्होंने कहा कि नयी सरकार राज्य में पनप रहे सिंडिकेट, माफिया और गुंडाराज का भी अंत करेगी। साथ ही बड़े माफियाओं का पर्दाफाश कर उन्हें सलाखों के पीछे डाला जाएगा। अमित शाह ने कुलटी में चुनावी रैली में कहा ये समय राज्य को घुसपैठियों से मुक्त कराने है। बंगाल की जनता के पास ये सुनहरा अवसर है। अगर इस बार भारतीय जनता पार्टी सत्ता में आई तो योग्यता के आधार पर युवाओं को हर साल एक लाख नौकरियां दी जाएंगी। शाह ने आगे कहा कि भाजपा देश के लौह अयस्क उत्पादन केंद्र की औद्योगिक पहचान बहाल करेगी और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार सुनिश्चित करेगी।
उन्होंने कहा कि कुलटी कभी देश में लौह अयस्क उत्पादन का केंद्र हुआ करता था लेकिन ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली राज्य सरकार ने इसे बदहाल कर दिया है। हम इस लौह नगरी को फिर उसकी पुरानी पहचान दिलाएंगे, अवैध खनन रोकेंगे, क्षेत्र में प्रदूषण फैलाने वाले स्पंज आयरन उत्पादन पर प्रभावी रोक लगाएंगे और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा करेंगे। शाह ने टीएमसी पर आरोप लगाते हुए कहा कि ये योग्य अभ्यर्थियों की नौकरियां छीनकर अयोग्य लोगों को बेचा है। लेकिन भाजपा वादा करती है कि सत्ता में आने पर वह बंगाल में हर साल एक लाख युवाओं को योग्यता के आधार पर रोजगार देगी।
शाह ने वादा किया कि राज्य में भाजपा के सत्ता में आने पर घुसपैठियों से मुक्त बंगाल बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि ममता के गुंडे कान खोलकर सुन लें, 23 अप्रैल को मतदान में जरा भी खलल डाला, तो 5 मई के बाद उल्टा लटकाकर सीधा करने का काम करेंगे। ममता के गुंडों की बंगाल की जनता के सामने कोई मजाल नहीं है। ममता को बंगाल के युवाओं की चिंता नहीं है, वो अपनी जगह भतीजे को बैठाना चाहती हैं, लेकिन उनका सपना पूरा नहीं होगा।
शाह ने कहा कि ममता झूठ फैलाती हैं कि बंगाल में बाहर का मुख्यमंत्री आएगा। बंगाल का मुख्यमंत्री बंगाल में जन्मा, बंगाली बोलने वाला ही होगा। अमित शाह ने कहा-एसआईआर प्रक्रिया में ममता दीदी और उनके प्रशासन ने कुछ गोरखाओं के नाम भी काट दिए हैं। कोई बात नहीं। सीटें तो वैसे भी हमारे पास ही आ रही हैं। जैसे ही चुनाव खत्म होंगे, भारतीय जनता पार्टी धीरे-धीरे हर एक गोरखा को वापस मतदाता सूची में शामिल कर लेगी।
उन्होंने कहा कि चाय बागानों में स्कूल खोलना, चाय बागान श्रमिकों को उनकी जमीन का मालिकाना हक देना, आवास पट्टे उपलब्ध कराना और दो वर्षों के भीतर चाय बागान श्रमिकों की मजदूरी में 500 रुपये से अधिक की वृद्धि भारतीय जनता पार्टी द्वारा की जाएगी। अमित शाह ने कहा कि उत्तर बंगाल में हम चार नए औद्योगिक शहर स्थापित करेंगे। भारतीय जनता पार्टी यह भी सुनिश्चित करेगी कि सभी सरकारी कर्मचारियों को 45 दिनों के भीतर 7वें वेतन आयोग के लाभ मिलेंगे।
