वर्चस्ववाद के उन्माद में पगलाए लोगों के लिए बंगाल का नतीजा सबक : बाबा रामदेव
निज संवाददाता : पश्चिम बंगाल के रुझानों को लेकर योग गुरु बाबा रामदेव ने कहा कि पांचों राज्यों की दिशा अब स्पष्ट है। पश्चिम बंगाल में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीजेपी की जीत हो रही है। अमित शाह और उनके योद्धाओं के नेतृत्व में जो पश्चिम बंगाल में हुआ है वो अप्रत्याशित है, ऐतिहासिक है। बहुत मायनों में ये सबक है कि हम यहां स्थापित हैं और हमको कोई हिला नहीं सकता है।
उन्होंने कहा-वर्चस्ववाद के उन्माद में जो लोग पगलाए हुए थे, उनके लिए ये पश्चिम बंगाल का चुनाव एक बहुत बड़ा सबक है कि अब आपको विजय पानी है तो अंतिम वोटर से लेकर बूथ मैनेजमेंट तक राजनीति की सभी दिशाओं को आपको साधना पड़ेगा। जो लोग हिंदू समाज को जाति वर्ग समुदायों में बांटकर एक मजहबी तुष्टिकरण कुचक्र को स्थापित करना चाहते थे उनके लिए भी बड़ा सबक है।
उन्होंने विपक्षी दलों को संदेश देते हुए आगे कहा-चुनाव आयोग, ईवीएम पर हार का ठीकरा न फोड़कर आत्ममूल्यांकन, आत्मपरिष्कार करके नई सोच और संकल्पों के साथ आगे बढ़ना चाहिए। इसमें उनका भी भला है और राजनीति में आप विजयी नहीं होते हैं तो कम से कम मजबूत विपक्ष की भूमिका भी निभाने के लिए अपने आपको तैयार करें।
लोकतंत्र में वोटतंत्र और उसमें भी जनतंत्र सबसे बड़ा होता है। किसी भी नेता को वो चाहे गांव का सरपंच हो, वार्ड मेंबर हो या एमएलए, एमपी, पीएम हों या प्रेसिडेंट हों, कितने भी ऊंचे ओहदे पर आएं, अपने आप को बड़ा मत मानिए। संविधान सबसे बड़ा है, कानून सबसे बड़ा है, पुरुषार्थ सबसे बड़ा है। आपकी नीयत, नीतियां, नेतृत्व और आपका चरित्र कैसा है, अगर वो बड़ा है तो आप बड़े हैं। बाकी बड़े बड़े साम्राज्य पहले भी ढहे थे, आज भी ढह रहे हैं और आगे भी ढहते रहेंगे. जिंदा रहने के लिए लड़ना पड़ेगा।
