साल्टलेक स्टेडियम में अफरा-तफरी
ज़्यादा टिकट देने के बाद भी मेसी को न देख पाने पर गुस्साई भीड़ ने की तोड़फोड़
निज संवाददाता :अर्जेंटीना के दिग्गज फुटबॉलर लियोनल मेसी 3 दिन के भारत दौरे पर हैं। उनके दौरे की शुरुआत कोलकाता में हुई। मेसी यूनाइटेड नेशंस के चाइल्ड ऑर्गेनाइजेशन यूनिसेफ के ब्रांड एम्बेसडर हैं, इसके तहत वह भारत में ‘गोट इंडिया‘ टूर कर रहे हैं। इस दौरान वे कोलकाता के सॉल्टलेक स्टेडियम में भी पहुंचे, जहां फैंस सुबह से ही सुपरस्टार की एक झलक पाने के लिए इंतजार कर रहे थे। लेकिन इस दौरान स्टेडियम में बड़ा बवाल देखने को मिला।
सॉल्ट लेक स्टेडियम में मेसी के फैंस का जबरदस्त जोश देखने को मिला। लेकिन इस दौरान फैंस ने हंगामा भी किया। मेसी की एक झलक पाने के लिए फैंस स्टेडियम के बैरिकेडिंग पर चढ़ने की कोशिश करते नजर आए। इसके बाद कुछ फैंस भड़क भी गए और उन्होंने स्टेडियम में चेयर फेंकना शुरू कर दिया। इस दौरान स्टेडियम में पानी की बोतलें भी फेंकी गई। रिपोर्ट्स के मुताबिक, साल्ट लेक स्टेडियम में खराब व्यवस्था के चलते फैंस का गुस्सा फूटा। वहीं, कुछ फैंस इस बात ये भी नाराज नजर आए कि लियोनेल मेसी जल्दी मैदान से वापस चले गए।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, स्टेडियम में स्थिति तेजी से बिगड़ गई, जिसके चलते सुरक्षा के कड़े उपाय किए गए। मेसी ने बाकी वीवीआईपी के साथ वापस स्टेडियम से जाने का फैसला लिया। रिपोर्ट्स के मुताबिक, वह 10 मिनट से भी कम समय के लिए स्टेडियम के अंदर रहे। कई फैंस जो अर्जेंटीना के इस दिग्गज को देखने की उम्मीद में घंटों इंतजार कर रहे थे, उन्हें एक झलक भी न मिलने से निराशा हुई, जो 2,000 से 10,000 रुपए खर्च करके यहां पहुंचे थे, जिसके चलते बवाल और बढ़ गया।
जैसे ही फैंस को पता चला कि कार्यक्रम जारी नहीं रहेगा, तो स्टेडियम के चारों ओर जोरदार हूटिंग होने लगी और फैंस भड़क गए। जिसके बाद फैंस मैदान के निचले हिस्से के पास लगे बैरिकेड्स को तोड़ते हुए मैदान में घुस गए। गुस्सा मैदान पर भी फूट पड़ा और बार पोस्ट को भी तोड़ दिया गया।
