विशेष स्वास्थ्य सेवा शिविर के तहत
चश्मा वितरण कार्यक्रम आयोजित
आसनसोल: वार्ड संख्या 76 के धुरपडांगा प्राथमिक विद्यालय परिसर में रविवार को एक विशेष स्वास्थ्य सेवा शिविर के तहत चश्मा वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर राज्य के कानून एवं श्रम मंत्री मलय घटक मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित हुए।

सूत्रों के मुताबिक, मंत्री मलय घटक की पहल पर स्थानीय लोगों के लिए नि:शुल्क नेत्र परीक्षण और मोतियाबिंद ऑपरेशन की योजना बनाई गई है। इसी कड़ी में चश्मा वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। मंत्री ने खुद अपने हाथों से कई लाभार्थियों को चश्मे वितरित किए।
मलय घटक ने इस दौरान कहा कि सरकार आम जनता की बुनियादी स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर संवेदनशील है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि आने वाले समय में पूजा के बाद नेत्र ऑपरेशन के साथ-साथ ज़रूरतमंद लोगों को कान के श्रवण यंत्र भी उपलब्ध कराए जाएंगे।

स्थानीय निवासियों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रमों से गरीब और वंचित वर्ग को काफी लाभ मिलता है, क्योंकि वे महंगे इलाज का खर्च उठाने में सक्षम नहीं होते। कार्यक्रम में क्षेत्र के कई सामाजिक कार्यकर्ता, विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्य और बड़ी संख्या में लाभार्थी उपस्थित थे।
