"जल्दी आइए तेज गर्मी में खड़े हैं।"
शाह ने युवती के अनुरोध पर कहा-मैं 10 मिनट में वहां पहुंच जाऊंगा
निज संवाददाता : पश्चिम बंगाल में बीजेपी की पहली जीत सुनिश्चित करने के लिए कैंप कर रहे गृह मंत्री अमित शाह ने गुरुवार को अपने अनूठे अंदाज से चौंका दिया। बंगाल में अमित शाह के रोड शो के लिए बड़ी संख्या में लोग इंतजार कर रहे थे। एक महिला ने अपने इंस्टाग्राम पर लिखा कि जल्दी आइए तेज गर्मी में खड़े हैं। केंद्रीय गृह मंत्री के इंस्टग्राम अकाउंट से जवाब आया। बस पहुंच रहा हूं। अमित शाह और एक महिला के बीच का सोशल मीडिया संवाद वायरल हो गया है। अमित शाह पश्चिम बंगाल में पिछले काफी दिनों से डटे हुए हैं। उन्होंने बीजेपी के चुनावी अभियान की कमान संभाली हुई है।
दरअसल, अमित शाह ने इंस्टाग्राम पर डूबते सूरज का एक वीडियो शेयर किया, जिसके कैप्शन में उन्होंने सत्ताधारी टीएमसी पर तंज कसते हुए लिखा था कि टीएमसी के भ्रष्टाचार और गुंडागर्दी का सूरज डूब चुका है। उनकी पोस्ट पर कमेंट करते हुए एक यूजर ने उनसे उत्तर 24 परगना के मध्यमग्राम विधानसभा क्षेत्र में रोडशो के लिए जल्दी पहुंचने की गुजारिश की, और कहा कि बीजेपी के समर्थक गर्मी में इंतजार कर रहे हैं। तनुश्री नाम क महिला ने लिखा कि जल्दी आ जाइए, अमित जी... हम लोग रोडशो के लिए गर्मी में बहुत देर से खड़े हैं। यूजर ने लिखा। जिस पर शाह ने जवाब दिया और लिखा कि देरी के लिए माफी। 10 मिनट में वहां पहुंच रहा हूं।
अमित शाह ने बाद में बीजेपी उम्मीदवार अनिंद्य राजू बनर्जी के लिए प्रचार करने के लिए एक रोड शो किया। अनिंद्य राजू बनर्जी मध्यमग्राम में तृणमूल कांग्रेस के विधायक रथिन घोष के खिलाफ चुनाव लड़ रहे हैं। इस कार्यक्रम की तस्वीरें एक्स पर शेयर करते हुए केंद्रीय गृह मंत्री ने लिखा कि मध्यमग्राम विधानसभा क्षेत्र के लोग संदेशखाली में महिलाओं के साथ हुए अत्याचारों को भूले नहीं हैं। रोडशो के दौरान उमड़ी लोगों की यह भीड़ तृणमूल शासन के अंत का प्रतीक है। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों के पहले चरण के लिए गुरुवार कुल 91.83% वोटिंग हुई।
