सफाई के दौरान नगर निगम के श्रमिकों को मैनहोल में मिली सड़ी-गली लाश
निज संवाददाता : कोलकाता नगर निगम (केएमसी) के श्रमिकों को नाली साफ करने के काम के दौरान केशव चंद्र सेन स्ट्रीट के एक मैनहोल में एक सड़ी-गली लाश मिली। यह काम एक परिवार की शिकायत पर किया गया था कि नाली जाम हो गई है। शव को निकालकर मेडिकल कॉलेज कोलकाता ले जाया गया, जहां उस आदमी को आधिकारिक रूप से मृत घोषित कर दिया गया।
पुलिस ने कहा कि शुरुआती पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में मौत से पहले कोई चोट नहीं मिली थी। एक अधिकारी ने कहा-शरीर पर मौत से पहले कोई जानलेवा चोट नहीं थी। अमहर्स्ट स्ट्रीट पुलिस स्टेशन में इस सिलसिले में एक अस्वाभिवक मौत का केस दर्ज किया गया है।
जॉइंट कमिश्नर (क्राइम) रूपेश कुमार ने कहा-शुक्रवार सुबह करीब 11.30 बजे एक मैनहोल में एक सड़ी-गली लाश मिली। लाश काफी सड़ चुकी थी। केएमसी के कर्मचारियों को यह लाश 136, केशव चंद्र सेन स्ट्रीट पर काम करते समय मिली।
परिवार वालों की शिकायत के बाद केएमसी के श्रमिकों ने मैनहोल खोला था। उन्होंने नगर निगम और पुलिस को खबर दी। एक स्थानीय व्यक्ति ने कहा-हमें कहा गया था कि शव को हाथ न लगाएं और बाकी काम पुलिस पर छोड़ दें।
यह मैनहोल एक पतली गली में था और जिसके दोनों तरफ रिहायशी इमारतें थीं, काफी समय से नहीं खोला गया था।
