चुनाव आयोग ने बंगाल में दोपहिया वाहनों पर लगाया बैन

दिशा निर्देश 21 अप्रैल मंगलवार से लागू

चुनाव आयोग ने बंगाल में दोपहिया वाहनों पर लगाया बैन

 

निज संवाददाता : चुनाव आयोग ने विधानसभा चुनाव से पहले पश्चिम बंगाल में दोपहिया वाहनों को बैन कर दिया है। इसके साथ ही स्वतंत्र और शांतिपूर्ण मतदान के लिए बाइक रैलियों पर भी रोक लगा दी है। साथ ही रात के समय भी आवाजाही पर लिमिट लगा दी गई है। इसके साथ ही वाहन पर डबल बैठने पर भी रोक लगाई गई है। चुनाव आयोग के यह सख्त दिशा निर्देश 21 अप्रैल मंगलवार से लागू कर दिए गए हैं। मतदान के दो दिन पहले यह फैसला लेते हुए चुनाव आयोग ने पहले चरण की सभी 152 सीट पर इन आदेशों को लागू किया गया है। 23 अप्रैल को राज्य में पहले चरण के मतदान होना है।  

साथ ही आयोग ने अपने निर्देशों में साफ किया है कि इमरजेंसी परिस्थिति को छोड़कर 6 बजे शाम से 6 बजे सुबह तक मोटरबाइक चलाने पर रोक रहेगी। बाइक रैली पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। इसके अलावा 6 बजे सुबह से 6 बजे शाम तक पीछे बैठने पर भी बैन रहेगा। सिवाय परिवार के साथ वोट डालने जाने वालों के लिए छूट रहेगी।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी के कार्यालय से जारी आदेश के मुताबिक, मतदान से दो दिन पहले से लेकर मतदान दिवस तक मोटरसाइकिल के इस्तेमाल पर सख्त पाबंदियां लगाई गई हैं। आयोग का कहना है कि यह कदम चुनाव को पूरी तरह निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और बिना किसी डर या दबाव के कराने के लिए उठाया गया है। प्रचार का शोर थमते ही ये पाबंदियां लागू हो जाएंगी।

सुबह 6 बजे से शाम 6 बजे तक बाइक पर दो लोगों के बैठने (पिलियन राइडिंग) की अनुमति नहीं होगी। ताकि भीड़भाड़ और संभावित तनाव को रोका जा सके। हालांकि, मेडिकल इमरजेंसी, पारिवारिक जरूरत या बच्चों को स्कूल लाने-ले जाने जैसी आवश्यक स्थितियों में सीमित छूट दी गई है। मतदान के दिन भी नियम लागू रहेंगे। परिवार के साथ जरूरी काम या मतदान के लिए कुछ राहत दी गई है। आयोग ने साफ किया है कि अगर किसी को विशेष परिस्थिति में छूट चाहिए, तो स्थानीय पुलिस स्टेशन से लिखित अनुमति लेना अनिवार्य होगा। प्रशासन और पुलिस को इन निर्देशों का सख्ती से पालन कराने और हर स्तर पर निगरानी रखने को कहा गया है।

बंगाल विधानसभा चुनाव के पहले चरण के लिए 23 अप्रैल को 16 जिलों की 152 सीटों पर मतदान होगा। इनमें उत्तर बंगाल के आठ, दक्षिण बंगाल के तीन और जंगलमहल अंचल के पांच जिले शामिल हैं।

मुर्शिदाबाद की 22, कूचबिहार की नौ, जलपाईगुड़ी की सात, अलीपुरद्वार की पांच, कलिंपोंग की एक, दार्जिलिंग की पांच, उत्तर दिनाजपुर की नौ, दक्षिण दिनाजपुर की छह, मालदा की 12, बीरभूम की 11, पश्चिम बर्दवान की नौ, पूर्व मेदिनीपुर की 16, पश्चिम मेदिनीपुर की 15, झाड़ग्राम की चार, पुरुलिया की नौ व बांकुड़ा की 12 सीटें शामिल हैं।

पहले चरण में कुल 1,478 प्रत्याशी मैदान में हैं। मतदाताओं की कुल संख्या तीन करोड़ 60 लाख 77 हजार 171 है, जिनमें एक करोड़ 84 लाख 99 हजार 496 पुरुष, एक करोड़ 75 लाख 77 हजार 210 महिला व 465 ट्रांसजेंडर शामिल हैं।

Tags:

About The Author

Advertisement

Latest News