मुर्शिदाबाद में वोटिंग के दौरान भयंकर बवाल
टीएमसी और हुमायूं कबीर के समर्थक आपस में भिड़े
निज संवाददाता : बंगाल के मुर्शिदाबाद में वोटिंग के दौरान भयंकर बवाल हो गया। टीएमसी और हुमायूं कबीर के समर्थक आपस में भिड़ गए। पोलिंग बूथ के बाहर जमकर लाठी-डंडे चले। हुमायूं कबीर के काफिले पर पथराव की गई। पथराव से कई गाड़ियों के शीशे भी टूट गए। टीएमसी के कार्यकर्ताओं ने हुमायूं कबीर की कार और उनकी पार्टी के कार्यकर्ताओं की कारों में तोड़फोड़ की।
तृणमूल कार्यकर्ताओं ने हुमायूं कबीर के लोगों को लाठियों से दौड़ाया। इससे कुछ देर पहले भी मुर्शिदाबाद में बवाल हुआ था। टीएमसी समर्थक और हुमायूं कबीर के समर्थकों में झड़प हो गई थी। इस दौरान सुरक्षाकर्मियों के साथ भी धक्कामुक्की की गई। इसके बाद फिर से यहां बवाल हो गया। पुलिस और फोर्स स्थिति को कंट्रोल करने में लगी है।
हुमायूं कबीर की पार्टी टीएमसी समर्थकों पर पथराव का आरोप लगा रही है। बंगाल में आज पहले चरण का मतदान हुआ। 16 जिलों की 152 सीटों पर वोटिंग हुई। सुरक्षा के कड़े इंतजाम के बाद भी बंगाल में झड़प हो गई।
मुर्शिदाबाद के भागीरथपुर में एसडीपीओ के नेतृत्व वाली सेंट्रल फोर्स ने आम लोगों की एक भीड़ को तितर-बितर कर दिया। दोनों ही पक्ष सड़क जाम कर रहे हैं। हुमायूं कबीर और तृणमूल ब्लॉक अध्यक्ष शफीउज्जमां शेख, अमताला-बहरामपुर स्टेट हाईवे को जाम कर रहे हैं।
दरअसल, कल रात नाओदा में बम विस्फोट हो गया था। इसके बाद वहां हिंसा भड़क गई थी। हुमायूं कबीर आज हिंसा वाली जगह पर पहुंचे थे। उनके पहुंचने के बाद ही टीएमसी और उनके समर्थकों के बीच झड़प हो गई। मीडिया से बातचीत करते हुए कबीर ने कहा कि नाओदा के दो बूथों नंबर 9 और नंबर 10 में रात के समय कोई घटना घटित हुई थी। उन्होंने (टीएमसी समर्थक) स्थानीय पुलिस के बैग छीन लिए।
बंगाल में वोटिंग के दौरान कई जगहों पर बवाल की खबर आई। मुर्शिदाबाद के बाद सिलीगुड़ी में बवाल हो गया। बीजेपी उम्मीदवार शंकर घोष की टीएमसी कार्यकर्ताओं से झड़प हो गई। बूथ नंबर 26/237 (जगदीश चंद्र विद्यापीठ) पर यह झड़प हुई। वहीं, आसनसोल में पुलिस ने बीजेपी उम्मीदवार अग्निमित्रा पॉल को रोका। अग्निमित्रा पॉल और एक पुलिस अधिकारी के बीच तीखी बहस हुई।
