प्राकृतिक आपदाओं की सूची में हीटवेव शामिल
राज्य में हीटवेव (लू) को प्राकृतिक आपदा की सूची में शामिल कर लिया गया है।
निज संवाददाता : राज्य में हीटवेव (लू) को प्राकृतिक आपदा की सूची में शामिल कर लिया गया है। इसके तहत, यदि हीटवेव के कारण किसी की मृत्यु होती है तो उसके परिवार को मुआवज़े के रूप में दो लाख रुपये दिए जाएंगे। बंगाल के मुख्य सचिव मनोज पंत की अध्यक्षता में हुई राज्य कार्यकारी समिति की बैठक में यह निर्णय लिया गया।
राज्य आपदा प्रबंधन और सिविल डिफेंस विभाग ने बताया कि केंद्र सरकार की गाइडलाइन के आधार पर अब तक भूकंप, अतिवृष्टि, बाढ़, आकाशीय बिजली, अग्निकांड, भूस्खलन, नौका डूबने और पेड़/दीवार गिरने से हुई मौत को प्राकृतिक आपदा माना जाता था। अब उस सूची में लू (हीटवेव) को भी शामिल कर लिया गया है।
सरकारी निर्णय के अनुसार, उपरोक्त किसी भी घटना में मृत्यु होने पर मृतक के परिवार को राज्य आपदा प्रतिक्रिया कोष (एसडीआरएफ) से मुआवज़ा दिया जाएगा। केंद्र द्वारा आवंटित राहत राशि का 10 फीसद इस मद में उपयोग किया जा सकेगा।
