पानीहाटी की बीजेपी उम्मीदवार के बयान से मचा बवाल
टीएमसी ने की चुनाव आयोग से शिकायत
निज संवाददाता : पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में टीएमसी ने पानीहाटी की बीजेपी उम्मीदवार और आरजी कर केस पीड़िता की मां के खिलाफ चुनाव आयोग में शिकायत दर्ज कराई है। टीएमसी ने आरोप लगाया है कि बीजेपी उम्मीदवार की टिप्पणी से लोकतांत्रिक मूल्यों को खतरा है और इससे चुनावी माहौल खराब हो सकता है। बीजेपी ने टीएमसी की शिकायत पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है। माना जा रहा है कि टीएमसी इस मुद्दे पर इमोशनल कार्ड खेल रही है।
पानीहाटी में यह विवाद तब शुरू हुआ, बीजेपी उम्मीदवार का एक वीडियो सामने आया। यह उत्तर कोलकाता के सोदपुर इलाके का बताया जा रहा है। इस वीडियो में बीजेपी उम्मीदवार यह कहते हुए नजर आ रही हैं कि जिस तरह मेरी बेटी को बालों से घसीटकर पीट-पीटकर मार डाला गया था, उसी तरह मैं भी सीएम ममता बनर्जी को बालों से पकड़कर घुमा दूंगी। अगर मेरी सीएम से मुलाक़ात हुई, तो मैं या तो उन्हें जेल में डाल दूंगी या फिर नाली में गिराकर उनकी पिटाई करूंगी।
इससे पहले उन्होंने कहा कि वह मुख्य रूप से सीएम ममता बनर्जी के खिलाफ लड़ रही हैं, जो एक सरकारी अस्पताल में मेरी बेटी की मौत के लिए जिम्मेदार हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी बेटी की हत्या इसलिए की गई थी क्योंकि उसने राज्य सरकार की ओर से संचालित मेडिकल कॉलेजों में फैले भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज़ उठाई थी।
बीजेपी उम्मीदवार ने कहा कि पानीहाटी के टीएमसी विधायक निर्मल घोष भी उनकी बेटी के केस से जुड़े सबूतों को मिटाने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि निर्मल के बेटे प्रतिद्वंद्वी तीर्थंकर को टीएमसी ने अपराध पर पर्दा डालने के लिए चुनाव में उतारा है। टीएमसी सांसद कल्याण बनर्जी ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पत्र लिखकर बीजेपी उम्मीदवार के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि सीएम ममता बनर्जी को लेकर जिस तरह की भाषा का प्रयोग किया गया है, उससे लोकतांत्रिक मूल्यों को खतरा है। इससे चुनावी माहौल भी खराब हो जाएगा।
