मुगलों, पठानों या ब्रिटिश शासकों के नाम पर नहीं रहेंगे सड़कों के नाम
सीएम शुभेंदु अधिकारी ने विधानसभा में किया ऐलान
निज संवाददाता : पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने विधानसभा में कहा कि कि कोलकाता में अब किसी भी सड़क का नाम मुगलों, पठानों या अत्याचारी ब्रिटिश शासकों के नाम पर नहीं रहेगा। इसके साथ ही उन्होंने सड़कों के नाम बदलने के प्रस्तावों की दोबारा जांच और मूल्यांकन के लिए हाल ही में पद्म श्री से सम्मानित स्वामी प्रदीप्तानंद महाराज (कार्तिक महाराज) की अध्यक्षता में एक उच्च स्तरीय समिति के गठन की घोषणा की है।
समिति के अध्यक्ष कार्तिक महाराज ने इस जिम्मेदारी का स्वागत करते हुए कहा कि आज की पीढ़ी देश के समृद्ध इतिहास से अनजान है। उन्होंने बताया कि समिति 7 दिनों के भीतर बैठक कर उन सड़कों की पहचान करेगी जिनके नाम बदले जाने हैं। मुगलों और विदेशियों की जगह अब सड़कों का नाम महान भारतीय नायकों, संस्कृति और इतिहास से जुड़े दिग्गजों के नाम पर रखा जाएगा। इसके लिए वे सनातन संस्कृति संसद और अन्य हितधारकों से चर्चा करेंगे।
विधानसभा में राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा के दौरान मुख्यमंत्री ने कोलकाता की चर्चित सुहरावर्दी एवेन्यू का जिक्र करते हुए कहा कि अब इस सड़क का नाम बदल दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि जब भी वह पार्क सर्कस के पास सेवन पॉइंट इलाके से गुजरते थे, तो ‘सुहरावर्दी एवेन्यू’ का बोर्ड देखकर असहज महसूस करते थे। हालांकि बाद में यह जानकारी सामने आई कि यह सड़क अविभाजित बंगाल के अंतिम प्रधानमंत्री हुसैन शहीद सुहरावर्दी के नाम पर नहीं, बल्कि उनके चाचा लेफ्टिनेंट कर्नल सर हसन सुहरावर्दी के नाम पर थी।
मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि 'ग्रेट कलकत्ता किलिंग', नोआखली दंगों या दमनकारी विदेशी शासकों से जुड़े लोगों के नाम पर जगहों का नाम रखने से पहले पांच बार सोचना चाहिए। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि अगर डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम जैसे राष्ट्रभक्तों को सम्मानित करने का कोई प्रस्ताव आता है, तो सरकार उसे सहर्ष स्वीकार करेगी। कोलकाता नगर निगम के अधिकारियों ने भी साफ कर दिया है कि नाम बदलने का फैसला वापस नहीं होगा।
• तृणमूल कांग्रेस प्रमुख एवं पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर निशाना साधते हुए शुभेंदु अधिकारी ने हाल में उनके राजनीतिक कार्यक्रमों के लिए मांगी गई अनुमति और राज्य प्रशासन द्वारा तय किए गए स्थानों का उल्लेख किया।
• उन्होंने कहा कि तृणमूल प्रमुख ने रानी रासमणि एवेन्यू में धरना प्रदर्शन की अनुमति मांगी थी और पुलिस ने उनसे इस संबंध में निर्देश मांगे थे। उन्होंने कहा कि मैंने उनसे (पुलिस से) कहा कि उन्हें वाई-चैनल पर अनुमति दी जाए।
• मुख्यमंत्री ने कहा कि आप रोज जितनी चाहें रैलियां करें, जितने दिन चाहें धरना दें। मैं 2011 में बदलाव के समय सड़कों पर था और 2026 में भी सड़क पर रहा हूं। मैं जानता हूं कि आप वापसी नहीं कर पाएंगीं, अब वह मौका नहीं रहा। उन्होंने कहा कि तृणमूल कांग्रेस अब एक क्लोज चैप्टर है।
