रेल स्टेशन पर RPF की सख़्त गश्त: 2.8 किलो चांदी के साथ तस्कर पकड़ा गया
आसनसोल : दुर्गापूजा और धनतेरस से पहले आसनसोल रेल स्टेशन पर सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम किए गए हैं। रेल पुलिस (RPF) ने यात्रियों की आवाजाही पर पैनी नजर रखते हुए सघन चेकिंग अभियान शुरू किया है।
इसी क्रम में 19 सितंबर को आरपीएफ आसनसोल वेस्ट पोस्ट की टीम ने प्लेटफार्म नंबर 1 और 2 पर गश्त के दौरान झारखंड के गोमो (रानी बाजार) निवासी 56 वर्षीय मनोज कुमार गुप्ता को संदिग्ध हालात में रोककर तलाशी ली।
तलाशी के दौरान उसके बैग से 2.8 किलो चांदी बरामद हुई, जिसकी बाजार कीमत 3 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है। आरपीएफ ने तुरंत आरोपी को जीआरपी के हवाले कर दिया। जीआरपी ने कानूनी कार्रवाई करते हुए आरोपी को आसनसोल कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेजने का आदेश दिया गया।
त्योहारों के मद्देनज़र रेल पुलिस ने कहा है कि स्टेशन परिसर में सुरक्षा और निगरानी और अधिक सख़्त की जाएगी ताकि तस्करी और संदिग्ध गतिविधियों पर तुरंत कार्रवाई संभव हो सके।
