सोसायटी बेनिफिट सर्कल ने इस वर्ष भी यूथ एसोसिएशन, मोहम्मद अली पार्क परिसर में
पाँच दिवसीय नि:शुल्क प्राथमिक चिकित्सा सेवा
दुर्गा पूजा के अवसर पर श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सोसायटी बेनिफिट सर्कल ने इस वर्ष भी यूथ एसोसिएशन, मोहम्मद अली पार्क परिसर में पाँच दिवसीय नि:शुल्क प्राथमिक चिकित्सा सेवा केन्द्र की शुरुआत की है। यह सेवा केन्द्र प्रतिदिन पूजा पंडाल में आने वाले हजारों दर्शनार्थियों को आवश्यकतानुसार प्राथमिक उपचार, दवाइयाँ एवं चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराएगा।
इस सेवा कार्य का शुभारंभ सोसायटी के अध्यक्ष पवन बंसल, सुभाष गोयनका, कोषाध्यक्ष संजय अग्रवाल (नीम का थाना), महेश काबरा, देवकीनंदन धेलिया, यूथ एसोसिएशन के सुरेन्द्र शर्मा सहित अन्य पदाधिकारियों और सदस्यों की उपस्थिति एवं सहयोग से किया गया। सभी पदाधिकारियों ने संयुक्त रूप से संकल्प लिया कि आने वाले दिनों में भी इस प्रकार की सेवाएँ समाजहित में निरंतर जारी रहेंगी।
उल्लेखनीय है कि सोसायटी बेनिफिट सर्कल समाजसेवा के क्षेत्र में सक्रिय संस्था है, जो समय-समय पर विभिन्न धार्मिक एवं सामाजिक आयोजनों में आगंतुक श्रद्धालुओं और यात्रियों के लिए चिकित्सा एवं राहत सेवाएँ उपलब्ध कराती रही है। इसी क्रम में सोसायटी 22 सितम्बर से विधान गार्डन में आयोजित 11 दिवसीय धोली सती दादी रुद्र सहस्त्र चण्डी महायज्ञ में भी नि:शुल्क चिकित्सा केन्द्र संचालित कर रही है, जहाँ प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु इस सेवा का लाभ ले रहे हैं।
सोसायटी के अध्यक्ष पवन बंसल का कहना है कि दुर्गा पूजा जैसे विशाल जनसमूह वाले आयोजन में चिकित्सा सेवा केन्द्र की उपस्थिति दर्शनार्थियों के लिए न केवल राहत का कार्य करती है, बल्कि सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति जागरूकता का भी परिचायक है।
