गीता पाठ के जवाब में टीएमसी के निलंबित विधायक का नया दांव

-एक लाख लोगों को लेकर कराएंगे कुरान पाठ

गीता पाठ के जवाब में टीएमसी के निलंबित विधायक का नया दांव



निज संवाददाता : पश्चिम बंगाल में टीएमसी के निलंबित विधायक ने गीता पाठ के जवाब में नया दांव चल दिया है। जिसके बाद से अब यह माना जा रहा है कि 2026 के चुनाव के लिए पश्चिम बंगाल में मां माटी मानुष के अलावा एक बड़ा मुद्दा हिंदू मुस्लिम भी होगा। इसके स्पष्ट रुझान आने लगे हैं। 6 दिसंबर को हुमायूं कबीर ने मुर्शिदाबाद में बाबरी की नींव रखी तो अगले दिन 7 दिसंबर को एक भव्य गीता पाठ के जरिए उन्हें जवाब भी मिल गया।
यह गीता पाठ, कोलकाता में किया गया। जिसमें दावे के अनुसार करीब 5 लाख लोग शामिल हुए। इसमें बाबा बागेश्वर यानी पंडित धीरेंद्र शास्त्री से लेकर, देवकी नंदन ठाकुर जैसे कथावाचक भी मौजूद थे। अब टीएमसी के निलंबित विधायक हुमायूं कबीर ने इस गीता पाठ का जवाब देने की भी तैयार कर ली है। अब मामला गीता बनाम कुरान का हो रहा है। हुमायूं कबीर का कहना है कि फरवरी में 1 लाख लोग बंगाल में कुरान पढ़ेंगे और इसी के बाद बाबरी मस्जिद का निर्माण शुरू किया जाएगा।
वैसे हुमायूं कबीर के बाबरी प्रेम के पीछे सियासत वाला एंगल भी निकाला जा रहा है क्योंकि वो अपनी पार्टी का ऐलान कर चुके हैं.ओवैसी के संपर्क में रहने के दावे कर रहे हैं। सवाल है कि क्या बाबरी के नाम पर हुमायूं के मन में 2026 वाले लड्डू फूट रहे हैं।
हुमायूं कबीर ने कहा है कि मैंने जो बाबरी मस्जिद की नींव रखी है उससे राजनीति का कोई संबंध नहीं है। राजनीति अलग है और बाबरी मस्जिद की नींव अलग है। जिस मकसद के लिए सनातन संस्कृति संसद पवित्र गीता का पाठ कर रही है उसी मकसद से हम कुरान का पाठ करवाएंगे। हम 1 लाख लोगों को इकट्ठा करके उन्हें खाना खिलाएंगे।
हालांकि, हुमायूं ने इसके लिए अभी तक किसी तारीख का ऐलान नहीं किया है, लेकिन उनके इस ऐलान से बंगाल की सियासत गरमा गई है। राज्य में अगले साल विधानसभा के चुनाव होने वाले हैं, लेकिन उससे पहले ही सियासत हिंदू-मुस्लिम रूप लेने लगा है। टीएमसी का आरोप है कि हुमायूं बीजेपी की ओर से सियासी बैटिंग कर रहे हैं।
हुमायूं कबीर ने एक और बड़ा दावा किया है कि मस्जिद के लिए 11 पेटी चंदा मिला है। नोट गिनने के लिए 30 लोग लगाए गए। नोट गिनने की मशीनें मंगवानी पड़ी। अब तक 22 लाख रुपए की गिनती हो चुकी है। 93 लाख रुपए सिर्फ ऑनलाइन मिले हैं। चंदे में कुल कितने रुपए मिले हैं इसकी जानकारी गिनती पूरी होने के बाद शेयर करेंगे।

Tags:

About The Author

Advertisement

Latest News