राजारहाट में रेलिंग तोड़कर नहर में गिरी बस

50 लोग घायल 

राजारहाट में रेलिंग तोड़कर नहर में गिरी बस



निज संवाददाता : राजारहाट में एक बस अनियंत्रित होकर नहर में गिर गई। शुक्रवार सुबह हुई इस घटना में कम से कम 50 यात्री घायल हो गए। घायलों का इलाज देगंगा अस्पताल में चल रहा है। राजारहाट पुलिस थाना मौके पर पहुंच गई है।
बताया जाता है कि शुक्रवार सुबह करीब 7:30 बजे एक यात्री बस अनियंत्रित होकर राजारहाट-हरोआ नहर (जिसे स्थानीय लोग मजार नहर भी कहते हैं) में गिर गई। उस समय बस में करीब 50 यात्री सवार थे। बस बेराचापा से करुणामयी जा रही थी। हादसे का कारण अभी स्पष्ट नहीं है। हालांकि, इस घटना के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस और प्रशासन के खिलाफ गुस्सा जताया है। उनके मुताबिक, सड़क की हालत खराब है। इस वजह से इलाके में आए दिन छोटी-मोटी दुर्घटनाएं होती रहती हैं। कुछ प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि चालक बस को तेज गति से चला रहा था। इस वजह से बस अनियंत्रित होकर रेलिंग तोड़कर नहर में गिर गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बेराचापा से चकला करुणामयी जा रही बस खारीबाड़ी होते हुए राजारहाट की ओर जा रही थी। हादसा राजारहाट थाना क्षेत्र के खारीबाड़ी में हुआ। स्थानीय लोगों ने पानी में कूदकर यात्रियों को बचाने की कोशिश की। सूचना मिलने पर राजारहाट थाना पुलिस मौके पर पहुंची। घायल यात्रियों को देगंगा अस्पताल भेजा गया। अब तक 46 लोगों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। कुछ को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है। हालांकि, घायलों में से 9 की हालत गंभीर है। उन्हें आरजी कर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। क्रेन की मदद से बस को नहर से बाहर निकालने का प्रयास किया जा रहा है।

Tags:

About The Author

Advertisement

Latest News