एसआईआर के खिलाफ मंगलवार को तृणमूल निकालेगी रैली
ममता व अभिषेक करेंगे नेतृत्व
निज संवाददाता : मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की अगुवाई में सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस मंगलवार को कोलकाता में एक बड़ी रैली निकालेगी। यह रैली मतदाता सूची के विशेष गहन संशोधन (एसआईआर) प्रक्रिया के विरोध में निकाली जाएगी। बड़ी बात यह है कि इसी दिन पश्चिम बंगाल में इस तीन चरणों वाली संशोधन प्रक्रिया का पहला फेज भी शुरू हो रहा है। इस पहले फेज में बूथ-लेवल अधिकारी (बीएलओ) घर-घर जाकर वोटर डिटेल्स की जांच के लिए एन्यूमरेशन फॉर्म भरेंगे।
यह रैली मध्य कोलकाता के रेड रोड पर डॉ बीआर अंबेडकर की मूर्ति के पास से शुरू होकर उत्तर कोलकाता में गुरुदेव रवींद्रनाथ टैगोर के पैतृक घर जोड़ासांको के सामने खत्म होगी। राज्य के एक मंत्री ने बताया कि यह रैली दोपहर 2:30 बजे शुरू होगी। इस रैली का नेतृत्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव और लोकसभा सदस्य अभिषेक बनर्जी करेंगे।
मंत्री के अनुसार, राज्य में पहले ही दो लोगों ने कथित तौर पर एसआईआर प्रक्रिया के बाद वोटर लिस्ट से उनके नाम हटा दिए जाने के डर से आत्महत्या कर ली है और एक व्यक्ति ने आत्महत्या की कोशिश की है। मंत्री ने आरोप लगाया कि बीजेपी एसआईआर के बहाने राज्य में डर का माहौल बनाने की कोशिश कर रही है। इसीलिए उन्होंने रैली के लिए मंगलवार का दिन चुना है। क्योंकि इसी दिन रिवीजन एक्सरसाइज को लागू करने का काम शुरू होगा। उनकी एक ही मांग है कि किसी भी असली मतदाता का नाम इलेक्टोरल रोल से न हटाया जाए।
वहीं, दूसरी ओर, उसी दिन विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी भी उत्तर 24 परगना जिले के पानीहाटी में बीजेपी की एक रैली का नेतृत्व करेंगे। यह रैली तृणमूल कांग्रेस के आरोपों का जवाब देने के लिए है। इस रैली में इस बात पर जोर दिया जाएगा कि कैसे तृणमूल कांग्रेस रिवीजन एक्सरसाइज के बारे में डर और गलतफहमी फैला रही है।
गौरतलब है कि इसी हफ्ते की शुरुआत में उत्तर 24 परगना के पानीहाटी के रहने वाले प्रदीप कर (57) ने कथित तौर पर नेशनल रजिस्टर ऑफ सिटिजन्स (एनआरसी) के डर से आत्महत्या कर ली थी। हालांकि बीजपी ने मौत के कारणों पर सवाल उठाया है और तृणमूल कांग्रेस पर इस दुखद घटना को लेकर जनता को गुमराह करने का आरोप लगाया है।
