बाबूघाट में हथियार बेचते पकड़े गए मुचीपाड़ा गोलीकांड के दो आरोपी

बाबूघाट में हथियार बेचते पकड़े गए मुचीपाड़ा गोलीकांड के दो आरोपी

महानगर को दहला देने वाले मुचीपाड़ा गोलीकांड के आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

निज संवाददाता : महानगर को दहला देने वाले मुचीपाड़ा गोलीकांड के आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, सोमवार देर रात बाबूघाट बस स्टैंड के पास से दोनों आरोपियों को हथियार बेचते हुए पकड़ा गया।

गिरफ्तार युवकों की पहचान आयुष कुमार झा और पीयूष गुप्ता के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके पास से एक देसी पिस्तौल और दो कारतूस बरामद किए। जानकारी के मुताबिक, वे हथियार बेचने बाबूघाट पहुंचे थे। गोपनीय सूचना के आधार पर पुलिस ने रात करीब 12:40 बजे छापेमारी कर दोनों को पकड़ लिया और लगभग 1:30 बजे औपचारिक रूप से गिरफ्तार किया। उनके खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25(1)(ए) और 29 के तहत मामला दर्ज किया गया है।

दरअसल, शनिवार तड़के करीब 4 बजे मुचीपाड़ा थाना क्षेत्र के प्रेम चंद बोराल स्ट्रीट और राजा राममोहन राय सरणी चौराहे पर हुई गोलीबारी में यही दोनों आरोपी शामिल थे। उस दिन एक कार तेज रफ्तार से इलाके में आकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी। कार सवारों का स्थानीय लोगों से विवाद हुआ, जिसके बाद वे भाग निकले। थोड़ी देर बाद दो युवक बाइक से लौटे और स्थानीय लोगों पर चार राउंड फायरिंग कर फरार हो गए। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हुई थी, लेकिन आरोपी पकड़ में नहीं आ पाए थे।

पुलिस का दावा है कि बाबूघाट में गिरफ्तारी के साथ अब मामले की गुत्थी सुलझ गई है। दोनों आरोपियों से पूछताछ जारी है।

Tags:

About The Author

Advertisement

Latest News