ममता बनर्जी की हार पर विवेक अग्निहोत्री ने कहा

‘मुझे बंगाल में घुसने नहीं दिया,  अब सिर उठाकर चलेंगे’

ममता बनर्जी की हार पर विवेक अग्निहोत्री ने कहा



निज संवाददाता : ममता बनर्जी के भवानीपुर सीट हारने और भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी की जीत के बाद फिल्म निर्माता विवेक अग्निहोत्री ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। विवेक ने इंस्टाग्राम पर एक पुराना वीडियो शेयर किया है जिसमें उन्होंने ममता बनर्जी के शासनकाल में फिल्म 'द बंगाल फाइल्स' की रिलीज के दौरान झेली गई कठिनाइयों के बारे में बताया है।
वीडियो के साथ  विवेक अग्निहोत्री  ने एक लंबा कैप्शन लिखा है। उन्होंने लिखा, 'फिर कभी नहीं। जो लोग नहीं जानते, उन्हें बता दूं कि 'द कश्मीर फाइल्स'  की रिलीज के बाद ममता बनर्जी ने मुझे बंगाल में बैन कर दिया था। फिल्म सिनेमाघरों से हटा दी गई थी और उन्होंने कहा था कि मुझे बंगाल में प्रवेश करने की अनुमति नहीं दी जाएगी।'
विवेक अग्निहोत्री ने बताया कि कैसे उन्होंने हालिया चुनावों से पहले बंगाल के लोगों को अपनी फिल्म दिखाई। उन्होंने कहा, 'हमने कभी हार नहीं मानी। इन चुनावों के दौरान, हमने यह सुनिश्चित किया कि #TheBengalFiles को पूरे बंगाल में ज़्यादा से ज़्यादा लोगों तक (गुप्त रूप से) दिखाया जाए। मुझे खुशी है कि हमने हार नहीं मानी और अपने छोटे से तरीके से संघर्ष किया। और आखिरकार... यह अभूतपूर्व जीत। बंगाल की महान जनता को बधाई। अब आप बिना किसी डर के, सिर ऊंचा करके चल सकते हैं।'
पश्चिम बंगाल में  ममता बनर्जी की टीएमसी सरकार  द्वारा 'द बंगाल फाइल्स' पर कोई आधिकारिक बैन नहीं लगाया गया था। हालांकि, सिनेमाघरों के मालिकों ने आपसी सहमति से फिल्म न दिखाने का फैसला किया। यह भी बता दें कि किसी भी सिनेमाघर मालिक ने फिल्म न दिखाने का कारण बताते हुए कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया।
अभिषेक अग्रवाल आर्ट्स और आई एम बुद्धा प्रोडक्शंस की बनाई 'द बंगाल फाइल्स' 1940 के दशक में बंगाल में व्याप्त हिंसक अशांति, खासकर 1946 के कलकत्ता हत्याकांड पर आधारित है। फिल्म का उद्देश्य यह पता लगाना है कि बंगाल के इतिहास के सबसे क्रूर अध्यायों में से एक के दौरान विचारधारा, आस्था और अस्तित्व किस तरह आपस में टकराए।

Tags:

About The Author

Advertisement

Latest News