उत्तर हावड़ा के युवा पर्वतारोही आकाश दास को

राज्य मंत्री उमेश राय ने किया सम्मानित

उत्तर हावड़ा के युवा पर्वतारोही आकाश दास को


हावड़ा : उत्तर हावड़ा विधानसभा क्षेत्र के निवासी एवं माउंटेनियर्स एसोसिएशन ऑफ कृष्णानगर के सदस्य श्री आकाश दास ने अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति, साहस और अदम्य जज़्बे का परिचय देते हुए हिमालय की पीर पंजाल पर्वतमाला स्थित 17,369 फीट ऊँचे माउंट शीती धार शिखर तक सफलतापूर्वक ट्रेक कर एक उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। उन्होंने 12 जून से 15 जून के मध्य मात्र तीन दिनों में इस चुनौतीपूर्ण अभियान को सफलतापूर्वक पूरा कर उत्तर हावड़ा एवं पश्चिम बंगाल का गौरव बढ़ाया।

उनकी इस प्रेरणादायी उपलब्धि पर पश्चिम बंगाल सरकार के संसदीय कार्य तथा नगर विकास एवं नगर मामलों (Municipal Affairs) विभाग के राज्य मंत्री तथा उत्तर हावड़ा के विधायक श्री उमेश राय ने अपने कार्यालय में उन्हें सम्मानित किया। इस अवसर पर श्री राय ने आकाश दास को अयोध्या में विराजमान प्रभु श्रीराम की दिव्य प्रतिमा की प्रतिकृति भेंट कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

इस अवसर पर श्री उमेश राय ने कहा कि आकाश दास की सफलता केवल उनकी व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि पूरे उत्तर हावड़ा के लिए गर्व का विषय है। कठिन पर्वतीय परिस्थितियों में इस अभियान को सफलतापूर्वक पूरा करना उनके साहस, अनुशासन, धैर्य और दृढ़ संकल्प का परिचायक है। उन्होंने कहा कि ऐसे युवा समाज के लिए प्रेरणास्रोत होते हैं और उनकी उपलब्धियाँ अन्य युवाओं को भी बड़े लक्ष्य निर्धारित कर उन्हें प्राप्त करने की प्रेरणा देती हैं।

श्री उमेश राय ने विश्वास व्यक्त किया कि आकाश दास भविष्य में भी पर्वतारोहण के क्षेत्र में नई-नई सफलताएँ अर्जित कर उत्तर हावड़ा, हावड़ा और पश्चिम बंगाल का नाम राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित करेंगे।

सम्मान प्राप्त करने के बाद आकाश दास ने श्री उमेश राय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान उनके लिए अत्यंत प्रेरणादायक है और भविष्य में और भी कठिन अभियानों को सफलतापूर्वक पूरा करने का संबल प्रदान करेगा।

Tags:

About The Author

Advertisement

Latest News