भारत-बांग्लादेश के बीच फिर से दौड़ेगी मिताली एक्सप्रेस
कोलकाता से ढाका जाना होगा आसान
निज संवाददाता : भारत और बांग्लादेश के बीच मिताली एक्सप्रेस फिर से चलेगी। पूर्व रेलवे भारत और बांग्लादेश के बीच सीधी, सीमा-पार यात्री ट्रेन सेवाएं फिर से शुरू करने के लिए तैयार है। अधिकारियों ने बताया कि इन जरूरी सेवाओं को बहाल करने के लिए राजनयिक बातचीत चल रही है, हालांकि कोलकाता-ढाका ट्रेन को फिर से शुरू करने की कोई तारीख घोषित नहीं की गई है। अधिकारी ने कहा कि जैसे ही तारीखों की घोषणा होगी, हम सर्विसेस शुरू करने के लिए तैयार हैं।
किसी भी समय चलाने के लिए रेक और कोच की सफाई और रखरखाव किया जा चुका है। बांग्लादेश में राजनीतिक बदलाव के बाद भारतीय रेलवे ने मिताली, मैत्री और बंधन एक्सप्रेस ट्रेनों को अनिश्चित काल के लिए रोक दिया था। मैत्री और बंधन एक्सप्रेस के रेक कोलकाता में हैं।
सीमा-पार ट्रेनों को फिर से शुरू करने पर बातचीत तब शुरू हुई जब भारत ने दो साल की रोक के बाद फिर से टूरिस्ट वीजा जारी करने का फैसला किया। वीजा के फैसले के 24 घंटे के भीतर ही बांग्लादेश में वीजा सेंटरों पर भारी भीड़ देखी गई। हजारों बांग्लादेशी नागरिक, जो इलाज के लिए कोलकाता आते हैं, हवाई किराए ज्यादा होने के कारण ट्रेन सेवाएं बहाल होने की उम्मीद कर रहे हैं।
दिसंबर 2024 में, बांग्लादेश में राजनीतिक उथल-पुथल के बीच भारत और बांग्लादेश के विदेश सचिवों की ढाका में मुलाकात के बाद, मिताली एक्सप्रेस रेक लगभग पांच महीने बाद भारत लौटे। मिताली एक्सप्रेस न्यू जलपाईगुड़ी और ढाका को जोड़ती है। रेक बांग्लादेशी इंजन चिलाहाटी बॉर्डर से भारत में दाखिल हुआ और बांग्लादेश लौटने से पहले हल्दीबाड़ी स्टेशन पर मिताली एक्सप्रेस के रेक छोड़ दिए। रेलवे के एक अधिकारी ने कहा कि रेक अच्छी हालत में हैं और रोजाना उनका रखरखाव किया जा रहा है। उन्हें तुरंत इस्तेमाल किया जा सकता है।
भारत और बांग्लादेश के बीच रेलवे सेक्टर में सहयोग का लंबा इतिहास रहा है। भारत ने पहले भी अपने पूर्वी पड़ोसी देश को सैकड़ों कोच और लोकोमोटिव सप्लाई किए हैं। यह नया कदम बांग्लादेश में हुए राजनीतिक बदलावों, खासकर पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के हटने के बाद आए ठहराव के बाद उठाया गया है। मामले की जानकारी रखने वाले अधिकारियों ने बताया कि अगले महीने पंजाब के कपूरथला स्थित रेल कोच फैक्ट्री में बने 20 ब्रॉड-गेज कोच की पहली खेप आ रही है।
