उलुबेड़िया में युवक ने की आत्महत्या

परिवार ने किया दावा-एसआईआर के डर से उठाया गंभीर कदम

उलुबेड़िया में युवक ने की आत्महत्या

निज संवाददाता : पश्चिम बंगाल में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)  की शुरुआत के दिन, हावड़ा के उलुबेड़िया में एक युवक की मौत को लेकर हंगामा मच गया है। परिवार और राज्य की सत्तारूढ़ पार्टी का दावा है कि उलुबेड़िया
 के एक ठेका कर्मचारी ने एसआईआर  के डर से आत्महत्या कर ली। राज्य में 'एसआईआर  के डर'  से यह पांचवीं मौत है।
ज़हीर मल उलुबेड़िया पूर्व विधानसभा क्षेत्र के खलिसानी ग्राम पंचायत क्षेत्र का निवासी था। 28 वर्षीय युवक दिहाड़ी मजदूर के रूप में काम करता था। उलुबेड़िया थाने की पुलिस ने मंगलवार सुबह उसके घर से उसका लटका हुआ शव बरामद किया। हालांकि, घर से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। परिवार का दावा है कि ज़हीर एसआईआर के डर से दहशत में था। इसीलिए युवक ने आत्महत्या कर ली। मृतक की पत्नी रेजिना बीबी ने कहा, "वह सर को लेकर घबराया हुआ था। वह हमेशा कहता था कि उसे बांग्लादेश भेज दिया जाएगा। यह डर पिछले कुछ दिनों से उसके मन में काम कर रहा था। उसने डर के मारे आत्महत्या कर ली है।
मृतक के परिवार से मिलने के बाद, राज्य के लोक निर्माण और लोक स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री पुलक रॉय ने कहा-हमारी पार्टी इस परिवार के साथ खड़ी है। उन्होंने यह भी कहा-राज्य में भय का माहौल बनाया गया है। यह संदेश दिया जा रहा है कि बांग्ला बोलने का मतलब बांग्लादेशी होना है। मैं केंद्र सरकार से कहूंगा कि वह मौत की राजनीति बंद करे। इस घटना की खबर मिलते ही मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और तृणमूल के अखिल भारतीय महासचिव अभिषेक बनर्जी ने परिवार के साथ खड़े होने की बात कही है।
दूसरी ओर, भाजपा का दावा है कि इस तरह की घटना के लिए तृणमूल जिम्मेदार है। वे आम लोगों को गुमराह कर रहे हैं। लोग बिना वजह डर रहे हैं। केंद्रीय मंत्री और बालुरघाट के सांसद सुकांत मजूमदार ने कहा-ममता बनर्जी-अभिषेक बनर्जी की पार्टी एसआईआर को धमकाकर अपने राजनीतिक हितों को पूरा करने की कोशिश कर रही है।

Tags:

About The Author

Advertisement

Latest News