मुख्यमंत्री ने किया 6 औद्योगिक इकाइयों का भूमिपूजन
मध्यप्रदेश को औद्योगिक और रोजगार संपन्न राज्य बनाएंगे : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
15 करोड़ 61 लाख लागत के विस्तारित अचारपुरा औद्योगिक क्षेत्र का हुआ भूमि-पूजन
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि अर्थव्यवस्था के मामले में भारत का नंबर दुनिया में वर्ष 2014 में 15वें स्थान पर था, अब भारत तीसरे स्थान की ओर बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री श्री मोदी राष्ट्र में संपन्नता लाने का कार्य कर रहे हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश में 20 वर्ष पूर्व प्रति व्यक्ति आय 11 हजार रुपए थी, जो अब 1 लाख 52 हजार रुपए हो गई है। प्रदेश में सिंचाई का रकबा बढ़ाकर 55 लाख हेक्टेयर है जिसे बढ़ाकर 100 लाख हेक्टेयर करेंगे। प्रदेश की सभी पात्र लाड़ली बहनों को दीपावली के बाद 1500 रुपए की राशि हर माह दी जाएगी। सावन का महीना है, बहनों को शगुन की राशि भी देंगे। लाड़ली बहनों की राशि साल दर साल बढ़ाएंगे और इसे वर्ष 2028 तक बढ़ाकर 3000 रुपए तक ले जाएंगे।
6 नई औद्योगिक इकाईयों का किया भूमि-पूजन
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा नए उद्योगों के भूमि-पूजन के साथ-साथ युवा उद्यमियों को भूमि-आवंटन के आशय पत्र भी बांटे जा रहे हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने यहां 6 नई औद्योगिक इकाईयों ऐसेड्स प्राइवेट लिमिटेड, सिनाई हेल्थ केयर, गोकुलदास एक्सपोर्ट, इंडो एकॉर्ड अपरल्स, थिंक गैस एवं समर्थ अग्रीटेक का रिमोट दबाकर भूमि-पूजन किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि एक सप्ताह के अंदर अचारपुरा में पुलिस चौकी काम करना शुरू कर देगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कार्यक्रम में उपस्थित आईजी (पुलिस) को इस चौकी पर महिला पुलिसकर्मियों को तैनात करने के निर्देश दिये। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने अचारपुरा में गोकलदास गारमेंट इकाई का भ्रमण किया। उन्होंने यहां कार्य करने वाली बहनों से बातचीत की और उनका उत्साहवर्धन किया।
एमएसएमई और भोपाल जिले के प्रभारी मंत्री श्री चेतन्य कुमार काश्यप ने कहा है मुख्यमंत्री डॉ. यादव के कुशल नेतृत्व में यह परिवर्तन हुआ है।रोजगार के नए अवसर सृजित हो रहे हैं। अचारपुरा औद्योगिक क्षेत्र नई ऊंचाइयों पर पहुंच रहा है।
गोकलदास एक्सपोर्टस प्रा.लि. में क्षेत्र की लगभग 2500 महिलाएँ दक्षता से कार्य कर रही हैं।मध्यप्रदेश के युवा उद्योगपति बनकर यहीं उद्योग स्थापित कर रहे हैं।मुख्यमंत्री डॉ. यादव हाल ही दुबई एवं स्पेन की यात्रा से आए हैं।वे निरंतर उद्योगपतियों से संवाद कर रहे हैं जिससे औद्योगिक परिदृश्य बदला है एवं मध्यप्रदेश का स्थान विश्व में ऊँचा उठ रहा है।प्रदेश में सम्पूर्ण विकास की अवधारणा बनी है। कृषि एवं औद्योगिक विकास के साथ रोजगार के अवसर प्रदान किए जा रहे हैं।प्रदेश में उद्योगपतियों की आवश्यकताओं के आधार पर औद्योगिक नीतियां बनाई गई हैं एवं निरंतर उद्योगपतियों को प्रोत्साहित किया जा रहा है। यही कारण है कि आज नवीन औद्योगिक इकाइयों का भूमिपूजन हो रहा है और अनेक निवेशकों को उद्योग के लिए भूमि आवंटन के आशय-पत्र दिए गए हैं।
बैरसिया विधायक श्री विष्णु खत्री ने कहा कि अचारपुरा और आसपास का क्षेत्र औद्योगिक गतिविधियों का सक्रिय केंद्र बनना मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के सतत प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने बताया कि MSME क्षेत्र के अंतर्गत 280 हेक्टेयर में औद्योगिक विकास की योजना से बैरसिया का हर घर किसी न किसी रूप में औद्योगिक विकास से जुड़ेगा।
औद्योगिक नीति एवं निवेश प्रोत्साहन तथा सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम प्रमुख सचिव श्री राघवेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि अचारपुरा औद्योगिक क्षेत्र अब राज्य का एक सक्रिय और आदर्श औद्योगिक केंद्र बन चुका है। उन्होंने बताया कि 100 से अधिक औद्योगिक इकाइयों की उपस्थिति और 4000 से अधिक प्रत्यक्ष रोजगार इसके विकासशील स्वरूप का प्रमाण है। ग्राम हज्जामपुरा फेज़-3 में 15.61 करोड़ रु. की लागत से विकसित होने वाले नए औद्योगिक पार्क से इस क्षेत्र में मल्टी-सेक्टर इकाइयों को प्रोत्साहन मिलेगा।
गोकुलदास एक्सपोर्ट्स 2 इकाई लगाकर 2500 बहनों को देगा रोजगार
गोकुलदास एक्सपोर्ट्स के डायरेक्टर श्री प्रभात सिंह ने कहा कि कंपनी देशभर में 36 इकाइयाँ संचालित कर रही है, जिनमें से एक कीनिया में भी स्थित है। वर्तमान में उनकी इकाई में 2500 महिलाएं कार्यरत हैं। उन्होंने बताया कि अचारपुरा क्षेत्र में एक और इकाई स्थापित करने जा रहे हैं, जहां लगभग 2500 बहनों को और रोजगार मिलेगा। श्री सिंह ने कहा कि मध्यप्रदेश का निवेश फ्रेंडली वातावरण, निवेशक-हितैषी नीति और मजबूत औद्योगिक ईकोसिस्टम उन्हें इस क्षेत्र में और अधिक फैक्ट्रियाँ स्थापित करने के लिए प्रेरित कर रहा है। प्रवेश में अधिक से अधिक इंडस्ट्री स्थापित करेंगे। उन्होंने कहा कि उनका प्रयास रहेगा कि अचारपुरा क्षेत्र को महिला सशक्तिकरण और औद्योगिक उत्पादन दोनों के लिए एक मॉडल के रूप में स्थापित किया जाए।
सिंगल विंडो के माध्यम से सभी अनुमतियों का तुरंत मिल जाना सराहनीय :आदित्य शर्मा
सिनाई हेल्थ केयर के डायरेक्टर श्री आदित्य शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव के सतत प्रयासों से मध्यप्रदेश में निवेश का सकारात्मक वातावरण बना है। श्री शर्मा ने भूमि आवंटन से लेकर सभी अनुमतियों के मिलने की प्रक्रिया को तेज और पारदर्शी बताया और मुख्यमंत्री एवं उनकी टीम को इसके लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि अचारपुरा में 120 करोड़ रु. के निवेश से सिनाई हेल्थ केयर इंडस्ट्री स्थापित की जाएगी। उन्होंने बताया कि यहां के उत्पाद को न केवल भारत, बल्कि अंतरराष्ट्रीय बाजारों में भी निर्यात किया जाएगा।
देश के मध्य में स्थित निवेश के लिये आदर्श स्थल है म.प्र. : श्री रौनक चौधरी
श्री रौनक चौधरी,डायरेक्टर एसेडस प्रा.लि. ने बताया कि उन्होंने औद्योगिक इकाई गुरुग्राम में रजिस्टर की थी और पूरे देश में भ्रमण के बाद सर्वश्रेष्ठ जगह अचारपुरा औद्योगिक क्षेत्र भोपाल में स्थापित की। भोपाल देश के मध्य में है। अचारपुरा के नजदीक में राजा भोज एयरपोर्ट है एवं बेहतर सड़कें हैं जिससे यह एक आदर्श औद्योगिक क्षेत्र बनता है। उन्होंने उद्योगपतियों को अच्छी सुविधाएं देने के लिए सरकार का आभार व्यक्त किया।
Related Posts
About The Author

करीबन तेरह वर्ष पहले हमने अपनी यात्रा शुरू की थी। पाक्षिक के रूप में गंभीर समाचार ने तब से लेकर अब तक एक लंबा रास्ता तय किया। इस दौरान राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कई तरह के परिवर्तन घटित हो चुके हैं जिनका हमारे जीवन पर काफी प्रभाव पड़ा। इसी तरह पत्रकारिता के क्षेत्र में भी कई उतार-चढ़ाव आए हैं। सोशल व डिजिटल मीडिया के इस दौर में प्रिट में छपने वाले अखबारों व पत्रिकाओं पर संकट गहरा रहे हैं। बावजूद इसके हमारा मानना है कि प्रिंट मीडिया की अहमियत कम नहीं हुई है। और इसी विश्वास के साथ हमने अपनी निरंतरता जारी रखी है। अब हम फिर से नए कलेवर व मिजाज के साथ आपके सामने हाजिर हुए हैं।