सबके साथ, सबके विकास के लिए सबके प्रयास एवं सबको विश्वास में लेकर बढ़ रहे हैं आगे : मुख्यमंत्री यादव

सबके साथ, सबके विकास के लिए सबके प्रयास एवं सबको विश्वास में लेकर बढ़ रहे हैं आगे : मुख्यमंत्री यादव

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि आज मध्यप्रदेश कई मामलों में देश में अव्वल है और हमें प्रदेश को और आगे ले जाना है।

भोपाल : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि आज मध्यप्रदेश कई मामलों में देश में अव्वल है और हमें प्रदेश को और आगे ले जाना है। हमारी सरकार खेती-किसानी, पशुपालन, खाद्य प्रसंस्करण तथा नए-नए उद्योग-धंधों की स्थापना के माध्यम से युवाओं को रोजगार दिलाने के लिए संकल्पबद्ध है। हमारी सरकार सबके साथ और सहयोग से, सबके विकास के लिए साझा प्रयासों एवं सबको विश्वास में लेकर विकास की दिशा में आगे बढ़ रही है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव सोमवार को भोपाल में एक मीडिया समूह द्वारा आयोजित ‘इमर्जिंग बिजनेस कॉन्क्लेव (भोपाल चैप्टर)’ के मीडिया संवाद कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस कॉन्क्लेव में उन्होंने मध्यप्रदेश की विशेषताओं पर विस्तार से चर्चा की और प्रदेश के नवनिर्माण एवं प्रगति के लिए सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों एवं आगामी कार्ययोजना की जानकारी भी दी।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि हम प्रदेश के किसानों का जीवन बेहतर बनाना चाहते हैं। इसी उद्देश्य से कृषि, उद्यानिकी, पशुपालन, दुग्ध उत्पादन, खाद्य प्रसंस्करण, आधुनिक खेती को बढ़ावा देने तथा किसानों को सम्मान निधि देकर उन्हें स्वावलंबी बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में लगभग प्रतिदिन नए उद्योग स्थापित हो रहे हैं। इससे युवाओं को रोजगार मिलेगा और प्रदेश की अर्थव्यवस्था भी सुदृढ़ होगी। मुख्यमंत्री ने बताया कि धार जिले में देश के पहले पीएम मित्रा पार्क का भूमिपूजन होना है। इससे पहले 3 सितंबर को नई दिल्ली में पीएम मित्रा पार्क में निवेश के इच्छुक निवेशकों के साथ बैठक एवं वन-टू-वन चर्चा की जाएगी।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश में धार्मिक एवं आध्यात्मिक पर्यटन, मेडिकल टूरिज्म, फॉरेस्ट एवं वाइल्ड लाइफ टूरिज्म पर विशेष फोकस किया जा रहा है। प्रदेश के 13 प्रमुख तीर्थस्थलों पर स्थायी निर्माण कार्य और नियमित प्रबंधन के माध्यम से उनका विकास किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि श्रीमहाकाल लोक के निर्माण के बाद उज्जैन में पर्यटन तेजी से बढ़ा है। वर्ष 2024 में करीब 7 करोड़ से अधिक श्रद्धालु उज्जैन आए। इसी से प्रेरणा लेकर सरकार अब प्रदेश के सभी प्रमुख पर्यटन स्थलों तक पर्यटकों को हेलीकॉप्टर से पहुंचाने की सुविधा शुरू करने जा रही है। बहुत जल्द इसकी शुरुआत होगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश देश का दिल है और इसकी केंद्रीय स्थिति का हमें पूरा लाभ उठाना है। उन्होंने बताया कि राज्य में भरपूर लैंड बैंक, सरप्लस बिजली और मजबूत अधोसंरचना उपलब्ध है, जो निवेशकों के लिए अनुकूल माहौल तैयार करती है। प्रदेश में बड़े पैमाने पर निवेश आकर्षित करने के लिए कई अप्रासंगिक कानून बदले गए हैं और उद्योग स्थापित करने हेतु शासकीय अनुमतियों को भी न्यूनतम किया गया है। साथ ही निवेशकों के हित में 18 नई औद्योगिक नीतियाँ लागू की गई हैं।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश में मजबूत कानून-व्यवस्था बनाए रखना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। असामाजिक और आपराधिक तत्वों के लिए प्रदेश में कोई स्थान नहीं है। कानून अपने हाथ में लेने वाले ऐसे तत्वों का प्रदेश से सफाया कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि हम राज्य की बेहतरी के लिए नए निर्णय लेने से पीछे नहीं हटेंगे। लोकलुभावन वादों की जगह हम जनहित के ठोस निर्णयों पर तेजी से काम करेंगे।

मीडिया संवाद कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने एक निजी संस्थान द्वारा चलाए जा रहे हाइजीन प्रोग्राम के पोस्टर्स का विमोचन किया और विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाले समाजसेवियों को सम्मानित किया। कार्यक्रम में सचिव एवं आयुक्त जनसंपर्क डॉ. सुदाम खाड़े, मीडिया समूह के राष्ट्रीय एवं प्रादेशिक पदाधिकारी/प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित थे।

Tags:

About The Author

Advertisement

Latest News