अंतिम तैयारियों में जुटा विभाग
अपर मुख्य सचिव ने किया निरीक्षण
15 सितंबर के बाद आएगी सीएमआरएस की टीम
भोपाल : राजधानी भोपाल के सुभाष नगर मेट्रो डिपो से लेकर एम्स अस्पताल तक लगभग आठ किलोमीटर लंबे प्रायोरिटी कॉरिडोर पर मेट्रो संचालन शुरू करने की दिशा में मध्यप्रदेश मेट्रो रेल प्रोजेक्ट (एमपी मेट्रो) अंतिम तैयारियों में जुटा हुआ है। जानकारी के अनुसार 15 सितंबर के बाद दिल्ली से आने वाली कमिश्नर ऑफ मेट्रो रेल सेफ्टी (सीएमआरएस) की टीम भोपाल मेट्रो का निरीक्षण कर सकती है। इसके लिए बीते कई दिनों से तैयारी युद्ध स्तर पर चल रही है।
रविवार सुबह नगरीय विकास एवं आवास विभाग के अपर मुख्य सचिव संजय दुबे ने सुभाष नगर डिपो और मेट्रो स्टेशन का निरीक्षण किया। उन्होंने सीएमआरएस से संबंधित कार्यों की प्रगति की जानकारी ली और परियोजना के विभिन्न पहलुओं जैसे क्रियान्वयन, डिजाइनिंग, सिविल वर्क, सिस्टम और वित्तीय प्रबंधन पर मेट्रो अधिकारियों से विस्तार से चर्चा की।
इस अवसर पर एमडी एस. कृष्ण चैतन्य, सीईओ अंजू अरुण कुमार सहित मेट्रो के वरिष्ठ अधिकारी, जनरल कंसल्टेंट और मेट्रो निर्माण कॉन्ट्रैक्टर के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
फाइलें सीएमआरएस पोर्टल पर अपलोड
सूत्रों के मुताबिक डिपो और मुख्य लाइन से संबंधित जिन कार्यों को पूरा कर लिया गया है, उनकी फाइलें सीएमआरएस के पोर्टल पर अपलोड कर दी गई हैं। सभी फाइलों के अपलोड होने के बाद मेट्रो द्वारा सीएमआरएस से निरीक्षण के लिए तारीख तय की जाएगी।
चूँकि अक्टूबर महीने से प्रायोरिटी कॉरिडोर पर मेट्रो संचालन शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है, इसलिए 30 सितंबर तक सभी प्रमुख कार्य पूरे करने की योजना है। ताकि अक्टूबर में भोपाल मेट्रो को आम जनता के लिए शुरू किया जा सके।
600 से अधिक दस्तावेज अपलोड होंगे
सीएमआरएस टीम को आमंत्रित करने से पहले मेट्रो को प्रायोरिटी कॉरिडोर से संबंधित लगभग 600 से 700 दस्तावेज पोर्टल पर अपलोड करने होते हैं। यह कार्य अंतिम चरण में पहुँच चुका है।
पहले होगा डिपो का निरीक्षण
इंदौर मेट्रो की तर्ज पर भोपाल में भी सीएमआरएस की टीम दो चरणों में निरीक्षण करेगी। पहले चरण में डिपो और ट्रेन का निरीक्षण होगा और इसके बाद मुख्य लाइन (मेन लाइन) का निरीक्षण किया जाएगा।
इन कार्यों पर विशेष फोकस
मेट्रो का ध्यान वर्तमान में प्रायोरिटी कॉरिडोर के अधूरे कार्यों को समयसीमा में पूरा करने पर है।
-
स्टेशनों के कॉनकोर्स लेवल पर कंट्रोल रूम, सिस्टम रूम और यात्री सुविधाओं पर काम तेजी से चल रहा है।
-
प्लेटफॉर्म लेवल पर शेष कार्य जल्द पूरा किया जा रहा है।
-
वहीं डिपो परिसर में एडमिन बिल्डिंग, कंट्रोल रूम और प्रमुख सिस्टम रूम्स से संबंधित अधिकांश कार्य लगभग पूरे कर लिए गए हैं।
