उत्कृष्ट कार्य, अनुकरणीय कर्तव्यबोध और जनसेवा का प्रमाण है पदक: राज्यपाल श्री पटेल
राज्यपाल से मिलें, प्रदेश पुलिस के राष्ट्रपति पदक प्राप्तकर्ता
राजभवन के सांदीपनि सभागार में हुआ सम्मान समारोह
राज्यपाल श्री पटेल शनिवार को राष्ट्रपति के वीरता पदक, विशिष्ट सेवा पदक, सराहनीय सेवा पदक प्राप्तकर्ता पुलिस अधिकारी- कर्मचारियों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने सभी पदक प्राप्तकर्ताओं को बधाई और शुभकामनाएं दी। राज्यपाल श्री पटेल ने पदक प्राप्तकर्ताओं के परिजनों को भी इस महत्वपूर्ण उपलब्धि में सहयोग देने विशेष रूप से धन्यवाद दिया। राजभवन के सांदीपनि सभागार में आयोजित समारोह में अपर मुख्य सचिव, गृह श्री जे.एन. कंसौटिया भी मौजूद रहे।
कमजोर वर्गों के प्रति रखें सहानुभूति
राज्यपाल श्री पटेल ने कहा कि हर नागरिक की सुरक्षा और पीड़ितों को न्याय दिलाना, पुलिस की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। सक्रिय, संवेदनशील और सशक्त पुलिस, स्वस्थ और आदर्श समाज के लिए जरूरी है। उन्होंने कहा कि जनता के लिए पुलिस का अच्छा व्यवहार बहुत मायने रखता है। यह पुलिस के सामाजिक दायित्वों की सफलता में बड़ी भूमिका निभाता है। इसलिए पुलिस केवल कानून व्यवस्था बनाए रखने तक सीमित नहीं रहें बल्कि सामाजिक सरोकारों में अपनी भूमिका को निरंतर विस्तारित करें। राज्यपाल श्री पटेल ने कहा कि ऐसा सामाजिक वातावरण बनाएं जिसमें आमजन और पुलिस के बीच भय नहीं भरोसे का मजबूत संबंध रहे। पुलिस समाज के गरीब, वंचित, दिव्यांग और कमजोर वर्ग के प्रति सहानभूति का भाव रखकर काम करें।
राज्यपाल श्री पटेल ने कहा कि आज का यह अवसर आपके अभिनंदन के साथ भविष्य की जिम्मेदारियों और चुनौतियों को और अधिक गंभीरता से निभाने के संकल्प का भी है। पदक की चमक आपकी वर्दी में चार चांद लगाती है। इसलिए आप सभी का परम दायित्व है कि वर्दी की मर्यादा, आन-बान और शान को हमेशा बनाएं रखें। जिस गरिमा के साथ यह सम्मान प्राप्त किया है, भविष्य में भी अपने कार्य और उपलब्धियों से आमजन के लिए प्रेरणा बनेंगे।
राज्यपाल श्री पटेल ने पदक प्राप्तकर्ता पुलिस अधिकारी- कर्मचारियों से परिचय प्राप्त किया और प्रशंसा-पत्र प्रदान किया। पुलिस महानिदेशक श्री कैलाश मकवाना ने स्वागत उद्बोधन दिया। उन्होंने प्रदेश पुलिस की विशेष उपलब्धियों और कार्यक्रमों की विस्तार से जानकारी दी। आभार अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक एस.ए.एफ. श्री चंचल शेखर ने व्यक्त किया। समारोह में राज्यपाल के प्रमुख सचिव डॉ. नवनीत मोहन कोठारी, महानिदेशक जेल श्री वरूण कपूर, पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, पदक प्राप्तकर्ता और उनके परिजन उपस्थित थे।
Related Posts
About The Author
करीबन तेरह वर्ष पहले हमने अपनी यात्रा शुरू की थी। पाक्षिक के रूप में गंभीर समाचार ने तब से लेकर अब तक एक लंबा रास्ता तय किया। इस दौरान राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कई तरह के परिवर्तन घटित हो चुके हैं जिनका हमारे जीवन पर काफी प्रभाव पड़ा। इसी तरह पत्रकारिता के क्षेत्र में भी कई उतार-चढ़ाव आए हैं। सोशल व डिजिटल मीडिया के इस दौर में प्रिट में छपने वाले अखबारों व पत्रिकाओं पर संकट गहरा रहे हैं। बावजूद इसके हमारा मानना है कि प्रिंट मीडिया की अहमियत कम नहीं हुई है। और इसी विश्वास के साथ हमने अपनी निरंतरता जारी रखी है। अब हम फिर से नए कलेवर व मिजाज के साथ आपके सामने हाजिर हुए हैं।
