सीएम डॉ. यादव बोले – मध्यप्रदेश में दिये जाएंगे स्टेट क्रिएटर्स अवार्ड्स

सीएम डॉ. यादव बोले – मध्यप्रदेश में दिये जाएंगे स्टेट क्रिएटर्स अवार्ड्स

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भोपाल क्रिएटर्स समिट-2025 कार्यक्रम में कहा कि मध्यप्रदेश में स्टेट क्रिएटर्स अवार्ड्स दिए जाएंगे। मीडिया इन्फ्लुएंसर्स और कंटेंट क्रिएटर्स की भूमिका बेहद अहम है।

भोपाल : भोपाल में क्रिएटर्स समिट-2025 का आयोजन हुआ। रविवार को एक निजी होटल में आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि आज हम डिजिटल युग में जी रहे हैं, जहाँ सूचनाओं और घटनाओं का प्रसार बहुत तेजी से होता है। ऐसे समय में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स और कंटेंट क्रिएटर्स की भूमिका महत्वपूर्ण है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आप लोग जो भी कंटेंट वायरल करेंगे, वही समाज तक पहुंचेगा। इसलिए अपने प्रभाव और ताकत का समाजहित में सही दिशा में सदुपयोग करना आवश्यक है। उन्होंने आगे कहा कि सभी क्रिएटर्स को अपना दायित्व समझते हुए अपनी ऊर्जा का इस्तेमाल समाज और देश के विकास में करना चाहिए। यही सच्ची समाज सेवा है।

उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया की पहुंच और प्रभाव का उपयोग शासकीय योजनाओं और विकास कार्यक्रमों को जन-जन तक पहुंचाने में किया जा सकता है। इसी कारण सरकार प्रदेश में सोशल मीडिया के माध्यम से पब्लिक नेटवर्किंग को बढ़ावा दे रही है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने क्रिएटर्स से कहा कि वे सरकार के कामों को भी जनता तक पहुँचाएँ, सरकार क्रिएटर्स को सभी जरूरी मदद और सुविधाएँ उपलब्ध कराएगी।

उन्होंने घोषणा की कि अब मध्यप्रदेश में स्टेट क्रिएटर्स अवार्ड्स दिए जाएंगे और इसकी रूपरेखा जल्द ही तैयार की जाएगी।

क्रिएटर्स सिंहस्थ-2028 से जुड़ें
मुख्यमंत्री ने यहाँ क्रिएटर्स द्वारा आयोजित टॉक शो में भी हिस्सा लिया। उन्होंने कहा कि सिंहस्थ-2028 में सोशल मीडिया से जुड़े क्रिएटर्स को सभी आवश्यक सुविधाएँ मुहैया कराई जाएंगी।

इस समिट में प्रदेशभर से आए यूट्यूबर्स, सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स और डिजिटल आर्टिस्ट्स ने हिस्सा लिया। अवसर पर कंटेंट मॉनेटाइजेशन, ऑडियंस इंगेजमेंट और डिजिटल दुनिया के नए ट्रेंड्स पर गहन चर्चा हुई।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने 17 श्रेणियों में सर्वश्रेष्ठ परफॉर्म करने वाले क्रिएटर्स को क्रिएटर्स अवार्ड्स से सम्मानित भी किया।

क्रिएटर्स ने बदल दी दुनिया की सोच
जनसंपर्क सचिव एवं आयुक्त डॉ. सुदाम खाड़े ने कहा कि क्रिएटर्स ने दुनिया की सोच बदल दी है। यह एक नई तरह की ऑरेंज इकोनॉमी है, जो अब 6 ट्रिलियन डॉलर की हो चुकी है। उन्होंने कहा कि आप अपनी क्रिएटिव सोच के साथ आगे बढ़ें, सरकार आपके अच्छे काम में आपके साथ है।

Tags:

About The Author

Advertisement

Latest News