जबलपुर फ्लाई ओवर शहर की गरिमा और जिम्मेदार नागरिकता का प्रतीक बनेगा : मंत्री राकेश सिंह
लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने कहा कि जबलपुर का सबसे लंबा फ्लाई ओवर केवल यातायात को सुगम बनाने का साधन नहीं है
भोपाल : लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने कहा कि जबलपुर का सबसे लंबा फ्लाई ओवर केवल यातायात को सुगम बनाने का साधन नहीं है, बल्कि यह शहर की प्रगति, गरिमा और जिम्मेदार नागरिकता का भी प्रतीक बनेगा। फ्लाई ओवर की सुंदरता और गरिमा बनाए रखने के लिए आज एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया जिसमें जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और बड़ी संख्या में नागरिकों ने सहभागिता की।
मंत्री सिंह ने कहा कि यातायात को सुचारू और सुरक्षित बनाना तथा फ्लाई ओवर को स्वच्छ रखना केवल सरकार की ही नहीं बल्कि हर नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने इस धरोहर को सहेजने और जबलपुर की पहचान के रूप में संरक्षित करने के लिए सभी नागरिकों से सहयोग की अपील की।
कार्यक्रम में सांसद आशीष दुबे, महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू, विधायक सुशील तिवारी इंदु, अभिलाष पांडे और अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। वहीं कलेक्टर दीपक सक्सेना, पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय और नगर निगम आयुक्त प्रीति यादव सहित प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद थे।
सुरक्षा के लिए लगेंगे सीसीटीवी और स्पीडोमीटर
मंत्री सिंह ने बताया कि फ्लाई ओवर पर सुरक्षा और अनुशासन बनाए रखने के लिए शीघ्र ही सीसीटीवी कैमरे, स्पीडोमीटर और जगह-जगह बैरीकेडिंग लगाई जाएगी। फ्लाई ओवर पर अवांछित गतिविधियों को रोकने के लिए निगरानी व्यवस्था को और मजबूत किया जाएगा।
नागरिकों को दिलाई शपथ
कार्यक्रम के दौरान मंत्री सिंह ने मौजूद जनप्रतिनिधियों और नागरिकों को शपथ दिलाई कि वे फ्लाई ओवर पर कोई अवांछनीय गतिविधियाँ नहीं करेंगे, आसपास गंदगी नहीं फैलाएँगे और यातायात नियमों का कड़ाई से पालन करेंगे।
उन्होंने कहा कि जबलपुर का यह फ्लाई ओवर केवल अधोसंरचना की उपलब्धि नहीं, बल्कि जिम्मेदार नागरिकता और स्वच्छ-सुरक्षित शहर की दिशा में उठाया गया एक बड़ा कदम है।
