नागदा हाईवे पर चोर गैंग का आतंक

ट्रांसपोर्टर दहशत में

नागदा हाईवे पर चोर गैंग का आतंक

दस ट्रकों से लाखों का डीज़ल चोरी, हथियारों से लैस बदमाश खुलेआम वारदात कर रहे हैं

उज्जैन : जिले के नागदा क्षेत्र में हाइवे किनारे खड़े ट्रकों से डीज़ल चोरी करने वाली गैंग का आतंक बढ़ता जा रहा है। हथियारों से लैस बदमाश सफेद रंग की स्कॉर्पियो में आते हैं और ट्रकों के डीज़ल टैंक खाली कर ले जाते हैं। कर्मचारी विरोध करते हैं तो उन्हें बंदूक दिखाकर धमकाते हैं। लगातार वारदातों से ट्रांसपोर्टर अब हाईवे पर वाहन खड़े करने से भी डरने लगे हैं, जबकि पुलिस अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं कर पाई है।

6 दिन में लाखों की चोरी, पुलिस बेखबर

सूत्रों के अनुसार गैंग मोटर, पाइप और बैरल लेकर चलती है। पिछले कुछ दिनों में ही इस गिरोह ने 4 ट्रकों से लगभग 870 लीटर डीज़ल चोरी किया जिसकी कीमत करीब 80 हजार रुपये आंकी गई है। इसके अलावा 12–13 अगस्त की रात एक अन्य ट्रक से 300 लीटर डीज़ल गायब हो गया।

ट्रांसपोर्टर बताते हैं कि केस दर्ज न होने और हाईवे पर गश्त की कमी से चोरों के हौसले बुलंद हैं। नगर के थानों में आधिकारिक तौर पर डीज़ल चोरी के प्रकरण दर्ज तक नहीं हो रहे।

पंप पर कर्मचारियों को धमकाया

10–11 अगस्त की रात चकमाधवगढ़ में स्थित श्रीबालाजी फ्यूल्स पेट्रोल पंप पर खड़े ट्रक से चार नकाबपोश बदमाशों ने 145 लीटर डीज़ल चोरी किया।
ट्रक क्रमांक एमपी 09 जीसी 3033 नागदा से लादा गया था और तड़के यूपी के लालकुआँ जाना था। ड्राइवर सो रहा था। अचानक तीन बजे बदमाश आए और मोटर से डीज़ल उतारने लगे। जब पंप कर्मचारी रोकने बढ़े तो बदमाशों ने धमकाया – “आगे बढ़े तो गोली मार देंगे।”
वारदात की शिकायत ट्रांसपोर्टर पप्पू खंडेलवाल ने उन्हेल थाने में भी की।

ट्रांसपोर्टर में गुस्सा और दहशत

महाशक्ति ग्रुप के गोवर्धन सिंह यादव का कहना है कि पुलिस और प्रशासन ने ट्रांसपोर्ट नगर से बड़े वाहन हटा दिए हैं, लेकिन दूसरी कोई व्यवस्था नहीं की गई। इससे छोटे ट्रांसपोर्टरों को भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है।
ट्रांसपोर्टर राकेश रघुवंशी का कहना है कि चोरी की बढ़ती वारदातों ने व्यवसायियों की स्थिति बहुत खराब कर दी है, सरकार को तुरंत ठोस कार्रवाई करनी चाहिए।

ड्राइवर की आंख खुली तो खाली था टैंक

12–13 अगस्त की रात टैंकर क्रमांक एमपी 13 जेडएन 7121 से 300 लीटर डीज़ल चोरी हुआ। ड्राइवर सर्वेश ने बताया कि वह ट्रक किनारे खड़ा कर सो गया था, लेकिन जब सुबह रवाना होने के लिए उठा तो देखा कि डीज़ल टैंक का ढक्कन खुला हुआ था और टैंक खाली था।

ट्रांसपोर्टर अजय विश्वकर्मा, जिनके पास 5 वाहन हैं, का कहना है कि चोरी की घटनाओं से सभी ट्रांसपोर्टर खौफजदा हैं और अब गाड़ियाँ सड़कों पर खड़ी करने से भी डर रहे हैं। उन्होंने बताया कि यह गैंग जावरा से लेकर उज्जैन तक सक्रिय रहती है और ड्रम व मोटर जैसी मशीनरी से 50 मीटर दूर खड़े टैंक से भी डीज़ल खींच लेती है।


वारदातों का सिलसिला

  • 8–9 अगस्त : डुंगरपुर से विदिशा जा रहे ट्राला क्रमांक एमपी 09 जीसी 1612 से 225 लीटर डीज़ल चोरी।

  • 10–11 अगस्त : भवानी पेट्रोल पंप के सामने ट्रक क्रमांक आरजे 19 जीआई 1335 से 200 लीटर डीज़ल चोरी।

  • 13 अगस्त : भवानी पेट्रोल पंप के सामने ट्रक क्रमांक आरजे 13 जेडएन 7121 से 250 लीटर डीज़ल चोरी।

  • 28 अगस्त : भवानी पेट्रोल पंप के सामने ट्रक क्रमांक आरजे 09 जीडी 5287 से 50 लीटर, ट्रक क्रमांक आरजे 09 जीडी 5786 से 60 लीटर डीज़ल चोरी।

  • चौपाल सागर पेट्रोल के पास खड़े ट्रक क्रमांक एमपी 13 जेडपी 8662 से 150 लीटर, ट्रक क्रमांक जीजे 06 एजेड 9669 से 200 लीटर डीज़ल चोरी।

  • आजाद ढाबे पर खड़े वाहनों के टैंकों के ताले तोड़े गए।

Tags:

About The Author

Advertisement

Latest News