देशवासियों द्वारा दिया गया अधिकार और लोगों का भरोसा ही हमारी सरकार का आधार : डॉ. यादव

देशवासियों द्वारा दिया गया अधिकार और लोगों का भरोसा ही हमारी सरकार का आधार : डॉ. यादव

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री निवास के द्वार पर विक्रमादित्य वैदिक घड़ी स्थापित की गई है।

भोपाल : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री निवास के द्वार पर विक्रमादित्य वैदिक घड़ी स्थापित की गई है। मुख्यमंत्री निवास केवल मुख्यमंत्री का नहीं, बल्कि सभी प्रदेशवासियों की धरोहर है। प्रदेशवासियों द्वारा दिया गया अधिकार और लोगों का भरोसा ही हमारी सरकार का आधार है। भारतीय संस्कृति के अतीत के गौरवशाली पृष्ठों का प्रकटीकरण करना हमारा दायित्व है।

इसी परंपरा का परिणाम है कि हमारी कालगणना का केंद्र उज्जैन रहा है, परंतु कालगणना की पद्धति की जानकारी प्रदेश की राजधानी भोपाल तक पहुंचे, इस उद्देश्य से विक्रमादित्य वैदिक घड़ी की स्थापना की गई है। भारतीय कालगणना की पद्धति की जानकारी का वैश्विक स्तर पर भी प्रचार-प्रसार किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वैदिक घड़ी के मोबाइल ऐप के माध्यम से हम अपने फोन में भी इसका संचालन कर सकते हैं। उन्होंने उच्च शिक्षा और संस्कृति विभाग द्वारा किए गए प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि हम आजादी के अमृतकाल में हैं। आज पूरी दुनिया का समय बदल रहा है – पश्चिम के बाद अब पूर्व का समय आया है।


प्रधानमंत्री मोदी विश्व में भारत का मान-सम्मान बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी अपने दूरदर्शी दृष्टिकोण के साथ आगे बढ़ रहे हैं। भारत का मान-सम्मान बढ़ाने के लिए वे प्रतिबद्ध हैं। उनके प्रयासों से वर्ष 2014 में यूनेस्को के माध्यम से योग को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पुनः मान्यता दिलाई गई।

भारत का ज्ञान, कौशल और विशेषताएँ केवल भारत तक सीमित नहीं हैं, बल्कि संपूर्ण मानवता के लिए उपयोगी हैं। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत निरंतर सक्रिय और अग्रसर है।


सुशासन के उच्चतम मापदंडों पर चल रही है व्यवस्थाएँ

मुख्यमंत्री ने कहा कि सुशासन के आधार पर ही विक्रमादित्य काल आज तक याद किया जाता है। उन्हीं उच्चतम मापदंडों पर वर्तमान में प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में व्यवस्थाओं का संचालन हो रहा है।

उनके प्रत्येक निर्णय से देश गौरवान्वित होता है। प्रधानमंत्री मोदी हर परिस्थिति में हमारे वैज्ञानिकों, सैनिकों, किसानों और राष्ट्र के लिए समर्पित प्रत्येक नागरिक के साथ खड़े रहते हैं।


सनातन संस्कृति को सहेजने की पहल सराहनीय

खेल एवं युवा कल्याण तथा सहकारिता मंत्री श्री विश्वास कैलाश सारंग ने कहा कि किसी भी राष्ट्र का भविष्य तभी सुरक्षित रहता है, जब वह अपने अतीत और अपनी संस्कृति को प्रतिबद्धता के साथ आत्मसात करता है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देशभर में सनातन संस्कृति की ध्वजा चहुंओर लहरा रही है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने पिछले दो वर्षों में विकास और जनकल्याण के साथ-साथ सनातन संस्कृति को सहेजने की जो पहल की है, वह न केवल सराहनीय बल्कि वंदनीय भी है।


कार्यक्रम को पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्रीमती कृष्णा गौर, सांसद आलोक शर्मा, वैदिक घड़ी के अन्वेषक श्री आरोह श्रीवास्तव, रवीन्द्रनाथ टैगोर विश्वविद्यालय के कुलाधिपति डॉ. संतोष चौबे और महर्षि सांदीपनि विश्वविद्यालय के कुलगुरू पंडित शिवशंकर मिश्र ने भी संबोधित किया।

इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, विधायक रामेश्वर शर्मा, विधायक विष्णु खत्री, भोपाल महापौर श्रीमती मालती राय, नगर निगम अध्यक्ष श्री किशन सूर्यवंशी, मुख्यमंत्री के संस्कृति सलाहकार श्रीराम तिवारी, अपर मुख्य सचिव उच्च शिक्षा श्री अनुपम राजन सहित विभिन्न विश्वविद्यालयों के कुलगुरू और बड़ी संख्या में युवा उपस्थित थे।

Tags:

About The Author

Advertisement

Latest News